Aaj Ka Mausam: 19 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 80KM की तूफानी हवाओं की चेतावनी, IMD ने जारी किया बड़ा अपडेट

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Aaj Ka Mausam: जून की शुरुआत के साथ ही देश का मौसम पूरी तरह करवट ले चुका है. एक ओर उत्तर और पश्चिम भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ते हुए देश के कई इलाकों में दस्तक दे दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, देशभर में एक साथ कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय होने से 5 जून को मौसम बेहद उग्र रूप दिखा सकता है. मौसम विभाग ने 19 राज्यों में तेज आंधी, भारी बारिश, वज्रपात और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका जताई गई है.

दिल्ली-NCR में गर्मी से राहत, आंधी-बारिश के आसार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को आज भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. दिन के समय तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, लेकिन शाम होते-होते मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में आंशिक बादल छाए रहेंगे. इसके बाद 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है और कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.

उत्तर प्रदेश और बिहार में सबसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत

उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम सबसे अधिक आक्रामक रूप दिखा सकता है. यूपी के मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा, लखनऊ, कानपुर, बिजनौर, बरेली, शाहजहांपुर और पीलीभीत समेत कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. कई स्थानों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं बिहार के पटना, गया, बक्सर, सिवान, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

झारखंड, बंगाल और मध्य भारत में भी खराब रहेगा मौसम

झारखंड के रांची, धनबाद, दुमका, गिरिडीह और बोकारो में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, मालदा, कूचबिहार और मुर्शिदाबाद में भारी बारिश हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, विदिशा, रायसेन, मंदसौर और कटनी सहित कई जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं. वहीं छत्तीसगढ़ में भी मौसम विभाग ने तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है.

राजस्थान और गुजरात में लू का प्रकोप जारी

देश के पश्चिमी हिस्से में गर्मी का कहर अभी थमा नहीं है. राजस्थान और गुजरात के कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है. जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़, नागौर, भरतपुर और करौली समेत कई इलाकों में धूलभरी आंधी चलने की संभावना है, लेकिन इसके बावजूद गर्म हवाओं और लू का असर बना रह सकता है.

दक्षिण भारत में मानसून की जोरदार एंट्री

दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने के बाद केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी है. केरल और माहे के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. कुछ इलाकों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मानसून की इस बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है और खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारियां भी तेज हो गई हैं.

पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में बाढ़-भूस्खलन का खतरा

असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले कई दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. गुवाहाटी, डिब्रूगढ़, जोरहाट और कोकराझार सहित कई क्षेत्रों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से यात्रा के दौरान मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है.

मौसम विभाग की सलाह

आईएमडी ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की है. किसानों को भी खेतों में काम करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है. जिन इलाकों में तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है, वहां लोगों को आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.

Latest News

पंजाब में अचानक 9 लड़कियां लापता, राज्य भर में मचा हड़कंप, महिला आयोग ने पुलिस से मांगी रिपोर्ट

Punjab: पंजाब के लुधियाना में बेहद ही हैरान और परेशान करने वाली खबर से हड़कंप मचा हुआ है. यहां...

More Articles Like This

Exit mobile version