Bihar MLC Elections: पवन सिंह सहित सभी 10 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित, क्या होगा दीपक प्रकाश का?

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Bihar MLC Elections: बिहार से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है. यहां विधान परिषद की 10 खाली पड़ी सीटों पर गुरुवार को पवन सिंह  सहित सभी 10 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए. नामांकन वापसी का आज अंतिम दिन था. सीटों के अनुपात में ही उम्मीदवार उतारे गए थे, इसलिए निर्विरोध निर्वाचन हुआ और वोटिंग की नौबत नहीं आई.

भाजपा से पवन सिंह, संजय मयूख, शीला पंडित और अनिल ठाकुर, जेडीयू से भारती मेहता, निशांत कुमार, ललन प्रसाद, शिवानी देवी, लोजपा (रामविलास) से अशरफ अंसारी और आरजेडी से सुनील सिंह निर्विरोध चुने गए. इसके साथ ही अब तय हो गया है कि उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश की कुर्सी जाएगी. वे अभी बिहार सरकार में पंचायती राज मंत्री हैं.

नौ एमएलसी का 2032 तक होगा कार्यकाल

निर्विरोध जीत के बाद सभी प्रत्याशी सर्टिफिकेट लेने के लिए विधानसभा पहुंचे. मालूम हो कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चले जाने से खाली हुई सीट पर जेडीयू ने ललन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया था. उनका कार्यकाल 2030 तक रहेगा. इसके अलावा शेष 9 सीटों का कार्यकाल 2032 तक होगा.

दस सीटों के लिए दस उम्मीदवारों ने भरा था पर्चा

मालूम हो कि 10 सीटों पर ही चुनाव होना था. इसके लिए 10 उम्मीदवार मैदान में थे. जेडीयू और भाजपा से चार-चार, लोजपा से एक और आरजेडी ने एक उम्मीदवार को मैदान में उतारा था. सोमवार को सभी 10 प्रत्याशियों का नामांकन वैध पाया गया था. मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच हुई, जिसमें सबके पर्चे सही पाए गए थे. अब नतीजों में सभी 10 उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत हो गई है.

अब दीपक प्रकाश को लेकर उठने लगा है सवाल

नतीजों के साथ ही यह सवाल उठने लगा है कि अब दीपक प्रकाश का क्या होगा? सम्राट सरकार में उन्होंने दो बार मंत्री पद की शपथ ली है. वे किसी सदन के सदस्य नहीं हैं. ऐसे में सवाल यह है कि आगे कुशवाहा क्या कदम उठाएंगे? दीपक प्रकाश कब इस्तीफा देंगे?

More Articles Like This

Exit mobile version