Maharashtra Earthquake: महाराष्ट्र के पालघर में भूकंप के ताबड़तोड़ दो झटके महसूस किए गए. इन झटकों से लोग दहशत में आ गए. शुरूआत में तो लोगों को कुछ समझ नहीं आया कि क्या हुआ है. पर, जैसे ही पता चला कि भूकंप की वजह से धरती हिली है तो लोग आनन-फानन में अपने घरों से निकलकर खुले स्थान पर आ गए. बता दें कि कोलंबिया में 7.5 की तीव्रता वाले भूकंप से व्यापक पैमाने पर तबाही मची है. अभी तक वहां 130 लोगों के मारे जाने और अन्य के घायल होने की सूचना मिली है.
तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 और 3.4 आंका
जानकारी के अनुसार, पालघर जिले के जवाहर विक्रमगढ़ इलाके में भूकंप के लगातार दो झटके महसूस किए गए. भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 और 3.4 आंका गया. कुछ ही देर के अंतराल में दो बार धरती डोलने से लोग खौफ में आ गए. भूकंप आने का आभास होते ही स्थानीय लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए. दूसरी तरफ, स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अलर्ट रहने की अपील की है.
3.3 तीव्रता का झटका महसूस किया
इससे पहले 9 अगस्त 2026 को भी महाराष्ट्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. महाराष्ट्र के नासिक जिले में शनिवार रात 4.3 तीव्रता के भूकंप के बाद रविवार सुबह 3.3 तीव्रता का झटका महसूस किया गया था. लगातार भूकंपीय गतिविधि से लोगों में दहशत फैल गई थी और कई स्थानों पर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. अधिकारियों के अनुसार, जिले के कुछ इलाकों में मकानों की दीवारों में दरारें भी आई हैं. हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
3.3 तीव्रता का झटका दर्ज किया
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया. इसके बाद रविवार सुबह 5.33 बजे 3.3 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया. अधिकारियों के अनुसार, भूकंपीय गतिविधि महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के समीप हातगढ़ पर्वत श्रृंखला के पास भानवाड़ इलाके में करीब पांच किलोमीटर की गहराई में दर्ज की गई.
कुछ मकानों की दीवारों में दरारें
भूकंप के झटके नासिक शहर के अलावा सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड़, पेठ, दिंडोरी और निफाड़ तहसीलों में भी महसूस किए गए. अचानक धरती हिलने से कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए. जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि सुरगाणा तहसील के भादर और दिंडोरी तहसील के नानाशी में कुछ मकानों की दीवारों में दरारें सामने आई हैं. प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें. Jharkhand Bandh: JPSC-JSSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड बंद, रांची में सड़क पर उतरे BJP कार्यकर्ता