CM Yogi Ki Pati: सीएम योगी ने दिए हीटवेव से बचने के ‘मूलमंत्र’, योगी की पाती में बेजुबानों का भी जिक्र

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

CM Yogi Ki Pati Heatwave Alert: प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और दोपहर के समय हालात ऐसे हो जाते हैं कि बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है. लू के थपेड़ों ने लोगों की दिनचर्या तक बदल दी है. ऐसे हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक खास ‘पाती’ लिखी है. इस ‘पाती’ के जरिए उन्होंने सीधे लोगों से संवाद करते हुए न सिर्फ मौजूदा स्थिति की गंभीरता बताई, बल्कि यह भी समझाया कि आने वाले दिनों में किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.

उन्होंने साफ कहा कि मौसम का बदलता स्वरूप अब एक बड़ी चुनौती बन चुका है और थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी समस्या का रूप ले सकती है. मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार अपनी तरफ से हर संभव तैयारी कर रही है, लेकिन लोगों को भी सतर्क रहना उतना ही जरूरी है. यह पत्र सिर्फ एक अपील नहीं, बल्कि एक तरह का मार्गदर्शन है, जिसमें सरकार की योजना और जनता की जिम्मेदारी दोनों को साथ रखा गया है.

योगी की पाती में क्या कहा गया

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र की शुरुआत मौसम और खेती के संदर्भ से की. उन्होंने रबी की फसल की कटाई और मौसम के चक्र का जिक्र करते हुए कहा कि प्रकृति का संतुलन बहुत नाजुक होता है. अगर इसमें थोड़ा सा भी बदलाव आता है तो उसके असर बड़े स्तर पर देखने को मिलते हैं, जैसे बाढ़, सूखा या बीमारियां.

उन्होंने प्रदेश के हर नागरिक के जीवन को अनमोल बताते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर व्यक्ति को सुरक्षित रखना है. इसके लिए हर स्तर पर तैयारी की जा रही है. साथ ही उन्होंने हाल ही में मनाए गए भगवान श्री परशुराम के प्रकटोत्सव और अक्षय तृतीया का जिक्र करते हुए कहा कि ये पर्व समाज को सत्य, न्याय और धर्म की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं.

सरकार की तैयारियां और बड़े फैसले

भीषण गर्मी से निपटने के लिए शासन स्तर पर कई महत्वपूर्ण और समयबद्ध कदम उठाए गए हैं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

  • बिजली आपूर्ति: पीक डिमांड को पूरा करने के लिए लगभग 34,000 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य. सभी थर्मल पावर प्लांट अपनी पूरी क्षमता के साथ संचालित किए जा रहे हैं.
  • स्मार्ट मीटर: गर्मी की वजह से लोगों को असुविधा न हो, इसके लिए पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने के काम पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है.
  • सार्वजनिक राहत: सड़कों पर पानी का छिड़काव और छायादार क्षेत्रों की व्यवस्था की जा रही है. तहसील, थाने, अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्रों में मुफ्त शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है.
  • श्रमिक सुरक्षा: औद्योगिक और निर्माण स्थलों पर काम करने वाले मजदूरों को थकावट और लू से बचाने के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं.
  • चिकित्सा व्यवस्था: हीट स्ट्रोक (लू) से प्रभावित लोगों को तुरंत इलाज मिल सके, इसके लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
  • वन्यजीव व पशुधन: चिड़ियाघरों (प्राणि उद्यानों) के लिए ‘हीट-वेव एक्शन प्लान’ लागू किया गया है. गोशालाओं में हरे चारे, चोकर और पानी का उचित प्रबंध किया गया है.

धार्मिक संदर्भ और सामाजिक संदेश

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में भगवान श्री परशुराम के प्रकटोत्सव और अक्षय तृतीया का उल्लेख करते हुए कहा कि ये पर्व हमें सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि इन मूल्यों के आधार पर समाज मजबूत बनता है और हर चुनौती का सामना किया जा सकता है.

योगी की पाती में आम जनता से अपील

बढ़ती गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खुद को सुरक्षित रखने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है.

  • हाइड्रेटेड रहें: शरीर में पानी की कमी न होने दें. पर्याप्त मात्रा में पानी, शिकंजी, छाछ या नारियल पानी का सेवन करते रहें.
  • पहनावा: गर्मी से बचाव के लिए सूती (Cotton) या खादी के ढीले कपड़े ही पहनें.
  • विशेष देखभाल: घर के बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का इस मौसम में खास ख्याल रखें.
  • पशु-पक्षियों का ध्यान: बेजुबानों के लिए अपने घर के बाहर या छतों पर पानी के बर्तन जरूर रखें.
  • अग्नि सुरक्षा: सबसे महत्वपूर्ण, ऐसी कोई भी लापरवाही न करें जिससे आग लगने का खतरा पैदा हो.

सीएम योगी की स्पष्ट करती है कि सरकार अपनी तरफ से बुनियादी ढांचे और राहत कार्यों को दुरुस्त कर रही है, लेकिन गर्मी से बचने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर भी सावधानी बरतना उतना ही जरूरी है. अपना और अपनों का ख्याल रखें.

यह भी पढ़े: जम्मू-कश्मीरः उधमपुर में भीषण हादसा, बेकाबू बस पलटी, 15 लोगों की मौत, कई गंभीर

More Articles Like This

Exit mobile version