CM Yogi: चौरीचौरा में ओवरब्रिज का लोकार्पण करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांग्रेसियों पर जमकर बरसे. मुख्यमंत्री ने चौरीचौरा कांड को लेकर कांग्रेस और पंडित जवाहरलाल नेहरू पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब 4 फरवरी 1922 को चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना के बाद अंग्रेजों ने 172 देशभक्तों को फांसी की सजा सुनाई थी, तब पंडित जवाहरलाल नेहरू कहां थे? उस समय क्रांतिकारियों की कानूनी पैरवी के लिए महामना पंडित मदन मोहन मालवीय आगे आए थे.
पंडित मदन मोहन मालवीय ने 151 क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे से बचाया
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस अक्सर पंडित जवाहरलाल नेहरू को देश का बड़ा अधिवक्ता बताती है, लेकिन चौरीचौरा कांड के समय उनकी भूमिका सामने नहीं आई. उन्होंने बताया कि पंडित मदन मोहन मालवीय ने प्रभावी पैरवी कर 151 क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे से बचाया था. इनमें किसान, मजदूर, व्यापारी और युवा शामिल थे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना को याद करते समय उन देशभक्तों के बलिदान और महामना मदन मोहन मालवीय के योगदान को भी याद रखना चाहिए, जिन्होंने क्रांतिकारियों को फांसी से बचाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी.
सपा ने पाले थे 10 लाख गुंडेः सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा ने चार बार की सरकार में प्रदेश के अंदर 15 सौ दंगे करवाए थे. वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया दिया था. 10 लाख गुंडे पाले थे. यह सपाई हर जिले में लूट, अराजकता, गरीबों की जमीन पर कब्जा करते थे, बेटी, व्यापारी की सुरक्षा के लिए खतरा थे. तब कहा जाता था, देख सपाई बिटिया घबराई. हमने 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है. कहा कि जो लोग जीते जी अपने परिवार के लोगों को सम्मान नहीं देते, वह बलिदानियों का क्या सम्मान करेंगे.
किसानों के लिए ले आएंगे नया पैकेजः सीएम योगी
सीएम योगी ने चक्रवाती तूफान अर्णब से प्रभावित किसानों की दुखती रग पर हाथ रखा. कहा कि असमय वर्षा के कारण दिया गया मुआवजा नाकाफी है. प्रदेश के प्रशासन के अधिकारियों से नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है. कहा गया है कि तात्कालिक मुआवजा तो दे ही, हम नया पैकेज लेकर आएंगे. किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करेंगे.
सीएम योगी ने रविवार की सुबह चौरी चौरा में रेल ओवरब्रिज जनता को समर्पित किया. 59.44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ओवरब्रिज से लोगों को रेल क्रासिंग पर रोजाना लगने वाले जाम से मुक्ति मिल गई है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 287 करोड़ रुपये की लागत वाली 84 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया. इसमें 20 करोड़ रुपये की लागत से बन रही गौनर सड़क का भी शिलान्यास शामिल है.