‘पहले बेटियों के लिए चौखट लांघना था मुश्किल, आज…’, CM योगी बोले- ‘सशक्त नारी-समृद्ध उत्तर प्रदेश’ पर जोर

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया. सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में 50 फीसदी से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं. महिला कार्यबल की भागीदारी भी 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक हो गई है. उन्होंने इसे महिलाओं के बढ़ते विश्वास और उनके लिए विस्तृत होते अवसरों का प्रमाण बताया.

सीएम योगी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा…

सीएम योगी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ की भावना के अनुरूप काम कर रही है. सरकार ने नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा देने के लिए विभिन्न योजनाओं और पहलों को आगे बढ़ाया है.

आज नाइट शिफ्ट में भी काम कर रहीं बेटियां

सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले जिन बेटियों के लिए घर की चौखट पार करना चुनौतीपूर्ण था, वे आज नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रही हैं. उन्होंने कहा कि स्टार्टअप क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और महिला कार्यबल का विस्तार रोजगार के बदलते अवसरों को दर्शाता है.

बेटियों के भविष्य को आर्थिक सुरक्षा देने का प्रयास किया जा रहा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओं और बेटियों के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पोषण अभियान से माताओं एवं शिशुओं के स्वास्थ्य और पोषण पर ध्यान दिया जा रहा है. वहीं, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से बेटियों के भविष्य को आर्थिक सुरक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है.

उन्होंने मिशन शक्ति, ऑपरेशन कायाकल्प, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सेफ सिटी, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर वर्किंग वुमन हॉस्टल जैसी पहलों का भी उल्लेख किया. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों के लिए शिक्षा, सुरक्षा, आवागमन तथा आत्मनिर्भरता के अवसर बढ़ाना है.

महिला सशक्तीकरण प्रदेश के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय

सीएम योगी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण प्रदेश के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक भागीदारी बढ़ने से उनके लिए नए अवसर खुलते हैं. उन्होंने कहा कि ‘सशक्त नारी-समृद्ध उत्तर प्रदेश’ की भावना के साथ सरकार ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है.

Latest News

Dussehra Wishes: अधर्म पर धर्म की विजय…, इन संदेशों के साथ प्रियजनों को दें दशहरा की शुभकामनाएं

Dussehra Wishes: देशभर में दशहरा का त्यौहार की बड़ी धूम रहती है. इस पर्व को बुराई पर अच्छाई की...

More Articles Like This

Exit mobile version