Happy Holi 2026: आज पूरा यूपी रंगों के पर्व होली की मस्ती में पूरी तरह से डूबा हुआ है. हर तरफ उमंग और उत्साह के बीच रंगों को बौछार दिखाई दे रही है. मथुरा, वाराणसी, अयोध्या सहित पूरा प्रदेश होली के रंग में रंग गया है. हर तरफ उत्साह का माहौल है. लोग होली की मस्ती में पूरी तरह से चूर नजर नजर आ रहे हैं. बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा है. जगह-जगह हो रहे आयोजनों में लोग रंगों में सरोबार हो रहे हैं. ढोल-नगाड़े और डीजे की धुन पर लोग थिरकते हुए रंगों का पर्व मना रहे हैं.

उधर, फागुन की मस्ती में सराबोर होकर काशी बुधवार को अपने अंदाज में होली मना रही. रंगभरी एकादशी से रंगोत्सव का छाया उल्लास में आज चार-चांद लग गया है. घरों से लेकर मंदिरों तक अबीर-गुलाल उड़ रहा है. आज बुधवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में रंग, रस और राग का उल्लास छाया रहेगा.
श्रद्धालु बाबा के साथ होली खेल रहे हैं और उन्हें भजन और होली गीत सुना रहे. होली पर बुधवार को देवाधिदेव की नगरी अपने अंदाज में है. सुबह ही लोग मैदागिन से ढोल मजीरा बजाते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और अबीर-गुलाल खेलने के साथ बाबा को भजन और होली गीत सुना रहे। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में टेसू यानी पलाश के फूलों के बने रंगों से होली खेली गई. काशी की होली पर होली बरात निकालने की भी परंपरा है. घोड़े पर अड़भंगी स्वरूपों में बाबा दिखेंगे. खासकर युवाओं की टोलियां बरात के साथ भांग व ठंडई छान व अबीर गुलाल से सराबोर होंगे.
शाहजहांपुर में रंगों की फुहार और उल्लास के बीच बुधवार को छोटे और बड़े लाट साहब का जुलूस निकला. होली के लिए लाट साहब की खातिरदारी पूरे दिन जारी रही. बुधवार सुबह 9 बजे बड़े लाट साहब का जुलूस प्रारंभ हुआ. लाट साहब पैदल ही कूंचालाला से लाए गए।चौकसीनाथ मंदिर में माथा टेकने के बाद सराफा बाजार में भैंसागाड़ी पर सवार कराया जाएगा.
गत वर्षों की तरह भैंसागाड़ी अर्द्धसैनिक बल के घेरे में रही. इस बीच लाट साहब का स्वागत जूते-चप्पल और झाड़ू से किया गया. रंग-गुलाल की फुहारों के बीच लाट साहब की सवारी चौक कोतवाली में पहुंचेगी, जहां परंपरागत तरीके से उन्हें सलामी के साथ नजराना दिया गजाएगा.
इसके साथ ही राजधानी लखनऊ सहित पूरा यूपी होली की मस्ती में डूबा हुआ है. चारों तरफ होली का शोर सुनाई दे रहा है. बूढ़ा हो या जवान, हर किसी के सिर रंगों के पर्व होली की खुमारी चढ़कर बोल रही है.
सीएम योगी ने दी होली की शुभकामनाएं
इस पर अवसर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को होली की होली पर्व की शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करके लिखा, ‘रंग, उमंग और सामाजिक समरसता के पावन पर्व होली की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई. उन्होंने प्रभु श्री राम से प्रार्थना की कि यह रंगोत्सव सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं नई ऊर्जा व नया उत्साह लेकर आए.’
रंग, उमंग और सामाजिक समरसता के पावन पर्व होली की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि यह पावन रंगोत्सव आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं नई ऊर्जा व नया उत्साह लेकर आए। pic.twitter.com/ke2S0wYjRM
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 4, 2026