CM योगी का रक्षाबंधन गिफ्ट: यूपी में महिलाओं को मिलेगी फ्री बस सेवा

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर आई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने इस खास मौके पर महिलाओं को एक अनोखा तोहफा दिया है. यूपी सरकार ने महिलाओं के लिए तीन दिनों तक राज्यभर में रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है. इस घोषणा के मुताबिक, 8 अगस्त की सुबह 6 बजे से लेकर 10 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाएं यूपी की सरकारी बसों में बिना किसी किराए के सफर कर सकेंगी. यह कदम इसलिए उठाया गया है, ताकि हर बहन अपने भाई के पास राखी बांधने आसानी से पहुंच सके और त्योहार को खुशी-खुशी मना सके.यह निर्णय रविवार को सीएम योगी की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान लिया गया. इसके साथ ही, इस दौरान बढ़े हुए ट्रैफिक और जाम की संभावनाओं को देखते हुए प्रशासन को विशेष दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि रक्षाबंधन पर लोगों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े.

सीएम योगी ने क्या-क्या किए ऐलान ?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में प्रदेश के सभी जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी शामिल हुए. बैठक में राज्य में बाढ़ की स्थिति, आगामी त्योहारों की तैयारियां, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, ड्रोन संचालन और कानून-व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. इसी दौरान रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए तीन दिन तक फ्री बस यात्रा की सुविधा देने का निर्णय भी लिया गया.गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब सीएम योगी ने महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी हो. इससे पहले भी त्योहारों के समय महिलाओं के लिए इस तरह की सौगातें दी जाती रही हैं, ताकि वे अपने परिजनों के साथ त्योहार को आसानी से और खुशी के साथ मना सकें.

कब से मिलेगी मुफ्त बस यात्रा की सुविधा?

रक्षाबंधन के खास मौके पर सीएम योगी ने महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है. यह सुविधा 8 अगस्त की सुबह 6 बजे से शुरू होकर 10 अगस्त की रात 12 बजे तक लागू रहेगी. इस दौरान महिलाएं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) और नगरीय बस सेवाओं में मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगी. सीएम योगी ने सभी जिलों में 24×7 कंट्रोल रूम संचालित करने, राहत आयुक्त कार्यालय को नियमित रिपोर्ट भेजने, स्वास्थ्य शिविरों के जरिए दवाइयों का वितरण सुनिश्चित करने और राहत सामग्री की गुणवत्ता की जांच के सख्त निर्देश भी दिए.

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए व्यवस्थाएं करें सुनिश्चित

सीएम योगी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर प्रदेश भर में पुख्ता इंतज़ाम करने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने सभी नगरीय क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम से बचाव के उपाय करने और राजमार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने को कहा है, ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने विशेष रूप से मंदिरों में स्वच्छता, सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से पर्व मना सकें. इसके साथ ही उन्‍होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को राष्ट्रीय भावना से जुड़ा बताते हुए इसके सफल आयोजन के निर्देश दिए। सरकार ने इस अभियान के अंतर्गत 4.6 करोड़ तिरंगे फहराने का लक्ष्य तय किया है.

बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बरतते हुए बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. उन्‍होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसे मामलों में आरोपियों की संपत्ति जब्त की जा सकती है. बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि ड्रोन से दहशत फैलाने के मामलों में अब तक 17 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. सीएम ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए आगे भी सतर्कता बनाए रखने को कहा. उन्‍होंने ग्राम सुरक्षा समितियों के माध्यम से अफवाहों पर रोक लगाने और स्थानीय स्तर पर संवाद स्थापित करने पर भी ज़ोर दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में अफवाहों के चलते अशांति फैलती है, तो थानाध्यक्ष से लेकर जिला अधिकारी तक जिम्मेदार माने जाएंगे और उन पर भी कार्रवाई की जाएगी.
Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version