UP: पछुआ हवाओं से ठंड हुई बलवान, प्रदेश में 5 डिग्री गिरा पारा, लखनऊ सहित 19 जिलों में तनी कोहरे की चादर

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Weather In Up: यूपी में कोहरा का प्रभाव बढ़ने से ठंड बलवान हो गई है. इससे लोग ठिठुरने को विवश हो रहे हैं. सोमवार से शुरू हुए पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ने से प्रदेश में सर्दी की बेदर्दी बढ़ गई है. गलन के बीच लोग कांप रहे हैं. सर्दी का प्रभाव कम करने के लिए लोग गर्म कपड़ों के साथ ही आग और हीटर का साहारा ले रहे हैं. मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के 19 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे और ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में लगभग तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है.

मंगलवार को गोरखपुर, प्रयागराज, अलीगढ़ अयोध्या, प्रयागराज, बरेली और आगरा में सुबह के समय घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य दर्ज हुई. अन्य कई स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम पहुंचने से यातायात प्रभावित हुआ. 7.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ इटावा प्रदेश में सबसे ठंडा रहा. वहीं अयोध्या, लखीमपुर खीरी, बुलंदशहर में रात का पारा 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

दिन के समय हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन जैसे-जैसे दिन ढलता गया, वैसे-वैसे गलन में इजाफा होता गया. कड़ाके की ठंड की सबसे अधिक मार खुले में काम करने वाले मजदूरों, किसानों और राहगीरों पर पड़ रही है.

वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों में पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे तापमान और नीचे जा सकता है. हालांकि, तेज हवाओं के कारण कोहरे की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है.

पछुआ हवाओं से 24 घंटे में 5.5 डिग्री लुढ़का दिन का पारा

राजधानी में मंगलवार को सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई और दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई. पछुआ के जोर से मंगलवार को दिन के पारे में 5.5 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई और शाम होते ही हवा में ठंडक घुल गई.

हालांकि, दिन के समय हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन शाम ढलते ही गलन भरी ठंड ने लोगों को ठिठुरने को विवश कर दिया. दिन के समय पछुआ की रफ्तार 15 किमी प्रति घंटे दर्ज हुई. मौसम विभाग का कहना है कि बृहस्पतिवार को भी लखनऊ में कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने वाला है.

पछुआ की रफ्तार बढ़ने से कोहरे में कमी आने की संभावना

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों में पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे तापमान में लगभग 2 डिग्री की और गिरावट के आसार हैं.पछुआ की रफ्तार बढ़ने से कोहरे में कमी आने की संभावना भी है. मंगलवार को दिन का तापमान 5.5 डिग्री की गिरावट के साथ 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. वहीं, रात का पारा 0.6 डिग्री की गिरावट के साथ 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version