मौसम का डबल रोल: दिन में चिलचिलाती धूप, सुबह-शाम कोहरा — किसानों की बढ़ी चिंता

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

North India Weather Today: फरवरी का दूसरा सप्ताह शुरू होते ही उत्तर भारत में मौसम ने साफ संकेत दे दिए हैं कि सर्दी अब धीरे-धीरे खत्म होने की ओर है, हालांकि पूरी तरह विदा होने में अभी समय लगेगा. कई इलाकों में दोपहर की तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है, जबकि सुबह और शाम की ठंड तथा कोहरा अब भी जनजीवन की रफ्तार पर असर डाल रहे हैं. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, राजस्थान और हरियाणा तक हर राज्य में मौसम अलग-अलग रूप दिखा रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.

दिल्ली-NCR: तेज धूप का आगाज

दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और राजस्थान में भी फरवरी की धूप अब तेज होती जा रही है. दिल्ली में हाल के दिनों में सीजन के सबसे गर्म दिन दर्ज किए गए हैं. दिन में तापमान सामान्य से ऊपर जा रहा है, जबकि सुबह हल्की धुंध और शाम की ठंड अभी बरकरार है. हरियाणा और राजस्थान में भी दिन सुहावने हो रहे हैं, लेकिन सुबह-शाम की ठंड और कुछ इलाकों में कोहरा लोगों को सतर्क रहने की याद दिला रहा है.

यूपी: ट्रांजिशन फेज में मौसम

यूपी में इस समय मौसम बदलाव के दौर से गुजर रहा है. दिन में धूप की तीव्रता बढ़ने लगी है और कई जिलों में तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह की शुरुआत अब भी कोहरे के साथ हो रही है. तराई और पूर्वी यूपी के गोरखपुर, पीलीभीत, देवरिया समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह के वक्त मध्यम से घना कोहरा छाया रहता है. हालांकि जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, कोहरा छंट जाता है और तेज धूप निकल आती है. (IMD के अनुसार 16 फरवरी के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है.)

बिहार में बदला मौसम का मिजाज

बिहार में भी मौसम तेजी से बदल रहा है. दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और कई जिलों में फरवरी में ही गर्मी का एहसास होने लगा है. कैमूर राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां तापमान 30 डिग्री के पार चला गया. रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे सर्दी का असर कमजोर पड़ा है.

राहत की बात यह है कि फिलहाल घने कोहरे से काफी हद तक छुटकारा मिला हुआ है और अधिकांश क्षेत्रों में दृश्यता सामान्य बनी हुई है. हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी किसानों के लिए चिंता का कारण बन सकती है, क्योंकि इससे खेतों की नमी तेजी से घट सकती है और फसलों पर असर पड़ने की आशंका है.

झारखंड में मौसम का दोहरा असर

झारखंड के दक्षिणी जिलों जैसे जमशेदपुर, सरायकेला और सिमडेगा में दोपहर के समय गर्मी साफ महसूस हो रही है, जबकि जंगल और पहाड़ी इलाकों जैसे गुमला, खूंटी और लोहरदगा में सुबह-शाम अब भी हल्की ठंड बनी हुई है. रांची में भी दिन और रात के तापमान के बीच फर्क साफ नजर आ रहा है.

उत्तराखंड: शुष्क मौसम

उत्तराखंड में इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है. देहरादून सहित मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में दिन के समय तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. हालांकि सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड अब भी महसूस की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार 17 फरवरी के आसपास पर्वतीय इलाकों के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं.

देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज

IMD का कहना है कि आने वाले दिनों में कहीं हल्की बारिश, कहीं बादल और कहीं साफ धूप देखने को मिल सकती है. ऐसे में लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे मौसम के ताज़ा अपडेट पर नजर बनाए रखें और सुबह-शाम की ठंड व संभावित कोहरे को ध्यान में रखते हुए अपनी दैनिक दिनचर्या की योजना बनाएं.

यह भी पढ़े: ‘गैस चाहिए लेकिन मंहगी नहीं…’, अमेरिका से LNG डील पर पेट्रोनेट के CEO का बड़ा बयान

Latest News

Auto Sales January 2026: जीएसटी कटौती और मजबूत मांग से ऑटो सेक्टर ने बनाया रिकॉर्ड, बिक्री ऑल-टाइम हाई

जीएसटी में कमी और मजबूत घरेलू मांग के कारण जनवरी 2026 में भारत के ऑटो सेक्टर ने रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की. यात्री वाहन, दोपहिया और तिपहिया वाहनों की बिक्री अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई.

More Articles Like This

Exit mobile version