UP News: योगी सरकार का एक्शन, UP के एक और बाहुबली पर कसा शिकंजा, करोड़ों की प्रॉपर्टी कुर्क

प्रयागराज। योगी सरकार का यूपी में माफियाओं और अपराधियों के अवैध साम्राज्य खिलाफ एक्शन लगातार जारी है। इसी क्रम में माफिया और बाहुबली पूर्व विधायक विजय मिश्रा पर कार्रवाई का डंडा चला है। प्रयागराज स्थित उनके करोड़ों के आलीशान मकान को भदोही पुलिस ने शुक्रवार को कुर्क कर दिया। प्रयागराज के अल्लापुर में स्थित मकान को पुलिस ने डुगडुगी बजवाकर कुर्क करने की कार्रवाई की।

मालूम हो कि बाहुबली के इस मकान को कुर्क करने के लिए भदोही पुलिस गुरुवार को भी प्रयागराज पहुंची थी, लेकिन मकान में बतौर किरायेदार रह रहे इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता ने मकान खाली करने के लिए मोहलत मांगी थी, जिसके बाद पुलिस ने अधिवक्ता रजनीश शुक्ला को मकान खाली करने की 24 घंटे की मोहलत दे दी थी. इसके बाद पुलिस मकान पर कुर्की का नोटिस चस्पा करने के बाद वापस लौट गई थी। 24 घंटे की मोहलत पूरी होने के बाद भदोही पुलिस ने प्रयागराज की जार्जटाउन थाना पुलिस और सदर तहसील के नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया है।

मालूम हो कि आगरा जेल में बंद बाहुबली पूर्व विधायक विजय मिश्रा के खिलाफ भदोही के गोपीगंज थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है। उसी मुकदमे के तहत डीएम भदोही ने 9 दिसंबर 2022 को गैंगस्टर एक्ट 14 (1) के तहत माफिया विजय मिश्रा के भतीजे मनीष मिश्रा के अल्लापुर के बाघम्बरी हाउसिंग स्कीम में स्थित मकान नंबर 13 एमआईजी फेस 2 को कुर्क करने का आदेश जारी किया था। यह मकान विजय मिश्रा के भतीजे मनीष मिश्रा की पत्नी बिंदु मिश्रा के नाम पर है। 435.66 वर्ग मीटर में बना 3 मंजिला आलीशान मकान की कीमत 8 करोड़ 30 लाख के करीब आंकी गई है। हालांकि इसके पहले भी डीएम के कुर्की आदेश के क्रम में भदोही पुलिस प्रयागराज की जॉर्ज टाउन थाना पुलिस के साथ इस मकान को कुर्क करने के लिए 27 दिसंबर 2022 को यहां पहुंची थी।

उस समय किराएदार के विरोध की वजह से पुलिस को वापस लौटना पड़ा था, जिसके बाद किराएदार ने भदोही डीएम के समक्ष अपील दाखिल की थी। यह अपील भी 19 अप्रैल 2023 को निस्तारित कर दी गई है और डीएम ने मकान को कुर्क करने का आदेश बरकरार रखा था। इस आदेश के क्रम में भदोही पुलिस के इंस्पेक्टर विपिन सिंह और सब इंस्पेक्टर अविनाश राय के नेतृत्व में पुलिस टीम जॉर्ज टाउन थाने पर पहुंची थी। वहां से जॉर्ज टाउन पुलिस को साथ लेकर पुलिस टीम अल्लापुर पहुंची थी, जिसके बाद मकान में बचे सामान को बाहर निकालने के बाद भदोही पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया। सुरियांवा थाने में तैनात इंस्पेक्टर विपिन सिंह के अनुसार, माफिया विजय मिश्रा के गुर्गे गिरधारी पाठक के झलवा में स्थित मकान को भी गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया जाएगा।

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version