Weather Update: दिल्ली में हीटवेव का रेड अलर्ट, 8 राज्यों में बारिश का खतरा, जानें UP-बिहार का हाल

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Weather Update: देशभर में मौसम इन दिनों अलग-अलग रूप दिखा रहा है. एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे हैं, तो दूसरी तरफ पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. इस बीच दक्षिण-पश्चिम मॉनसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद बढ़ गई है. मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों के लिए हीटवेव, भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है.

दिल्ली समेत उत्तर भारत में हीटवेव का असर

राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग ने दिल्ली में 20 से 25 मई तक हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. इन क्षेत्रों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान लगाया गया है.

मॉनसून की दस्तक के लिए अनुकूल हालात

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है और मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के दौरान दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के बाकी हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. केरल में मॉनसून के करीब 26 मई के आसपास पहुंचने की संभावना जताई गई है, हालांकि इसमें कुछ दिनों का अंतर भी हो सकता है.

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

पूर्वोत्तर भारत में आने वाले दिनों में बारिश का दौर और तेज हो सकता है. असम और मेघालय में 21 से 25 मई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 22 से 25 मई के बीच तेज बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में 23 और 24 मई को तथा असम और मेघालय में 23 से 25 मई के दौरान बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है.

दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का असर

केरल और लक्षद्वीप में 20 से 25 मई तक भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाओं का प्रभाव बना रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

बिहार, झारखंड और बंगाल को मिल सकती है राहत

पूर्वी भारत के कुछ राज्यों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश और आंधी-तूफान का असर देखने को मिल सकता है.

ओडिशा में बढ़ा गर्मी का प्रकोप

ओडिशा में मंगलवार को 21 जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. झारसुगुड़ा सबसे गर्म रहा जहां पारा 44.8 डिग्री तक पहुंच गया. हीराकुड में 44 डिग्री, अंगुल और संबलपुर में 43.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.

राजस्थान में लू ने बढ़ाई मुश्किलें

राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार जारी है. चित्तौड़गढ़ में तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि श्रीगंगानगर, अलवर, पिलानी और जयपुर समेत कई शहरों में लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक लू चलने की संभावना जताई है.

महाराष्ट्र में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड

महाराष्ट्र में भी गर्मी का कहर जारी है. अमरावती में तापमान 46.8 डिग्री और वर्धा में 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.

उत्तराखंड प्रशासन हुआ सतर्क

उत्तराखंड में मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की आशंका जताई गई है. हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून जैसे जिलों में गर्मी का असर सबसे अधिक देखने को मिल सकता है. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सभी जिलों को आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए हैं.

यह भी पढ़े: Amroha: दिल्ली-बरेली हाईवे पर हादसा, वाहन से टकराई कार, चार लोगों की मौत, दो गंभीर

Latest News

15 हजार KM तैरकर दुनिया के दूसरे छोर तक हंपबैक पहुंचीं व्हेल, वर्षो का सफर देखकर वैज्ञानिक भी हैरान

समंदर की गहराइयों में रहने वाली विशालकाय हंपबैक व्हेल ने कुछ ऐसा कारनामा कर दिखाया है,जिसे जानने के बाद...

More Articles Like This

Exit mobile version