Patna: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले आरजेडी में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आई है. बांकीपुर में रेखा गुप्ता को उम्मीदवार घोषित होने के बाद शुरू हुआ विवाद अब पार्टी के भीतर कई स्तरों तक फैलता दिख रहा है. वहीं आरजेडी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव यूरोप दौरे पर हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि चुनावी तैयारी के बीच आरजेडी के अंदर चल रहे कलह के बीच तेजस्वी यादव यूरोप टूर में क्यों व्यस्त हैं?
पार्टी के कई नेताओं में नाराजगी
बांकीपुर उपचुनाव के लिए आरजेडी ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है लेकिन इस फैसले को लेकर पार्टी के कई नेताओं ने नाराजगी जताई है. सबसे पहले सांसद सुरेंद्र यादव ने सार्वजनिक रूप से कहा कि वह रेखा गुप्ता को जानते तक नहीं हैं. इसके बाद वरिष्ठ नेता भाई वीरेंद्र ने भी टिकट वितरण पर सवाल उठाकर पार्टी नेतृत्व को असहज कर दिया. यही नहींए तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) ने भी वीणा मानवी को चुनाव मैदान में उतार दिया है. इससे आरजेडी के परंपरागत वोट बैंक में सेंध लगने की आशंका जताई जा रही है.
तेजस्वी यादव यूरोप दौरे पर
चर्चा है कि जब बांकीपुर जैसे महत्वपूर्ण उपचुनाव की तैयारियां चल रही हैं, उसी समय तेजस्वी यादव यूरोप दौरे पर हैं. अपने और विरोधी दोनों सवाल उठा रहे हैं, जबकि आरजेडी नेताओं का कहना है कि पार्टी चुनावी रणनीति के अनुसार काम कर रही है. हालांकि लगातार सामने आ रहे विवादों ने संगठनात्मक एकजुटता पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं. आरजेडी की अंदरूनी खींचतान सिर्फ बांकीपुर तक सीमित नहीं है.
हरेलाल यादव के निष्कासन का खुलकर विरोध
लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सारण के पार्टी प्रवक्ता हरेलाल यादव के निष्कासन का खुलकर विरोध किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए इस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और पार्टी के कुछ नेताओं पर तीखा हमला बोला. रोहिणी ने संजय यादव, सुनील सिंह और रमीज का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि ये लोग पार्टी को कमजोर कर रहे हैं.
अपनी आवाज उठाती रहेंगी रोहिणी
उन्होंने साफ कहा कि वह पार्टी को ऐसे लोगों के प्रभाव से मुक्त कराने के लिए अपनी आवाज उठाती रहेंगी. साथ ही यह भी कहा कि वह लालू प्रसाद यादव की बेटी हैं और गलत के सामने कभी झुकेंगी नहीं. रोहिणी का कहना है कि जमीनी और ईमानदार कार्यकर्ताओं को निशाना बनाना पार्टी के हित में नहीं है. आरजेडी के 30वें स्थापना दिवस समारोह में भी पार्टी की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई.
मंच पर ही तीखी बहस
नालंदा के आईएमए हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव और पार्टी नेता अरुण कुमार उर्फ कल्लू मुखिया के बीच मंच पर ही तीखी बहस हो गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने संगठन के भीतर गुटबाजी की चर्चाओं को और हवा दे दी.
इसे भी पढ़ें. मेलबर्न में बोले PM मोदी, ‘पासपोर्ट का रंग देखकर मदद नहीं करता भारत, 100 से ज्यादा देशों को भेजी कोरोना वैक्सीन’