IPL 2026 SRH Vs PBKS: आईपीएल 2026 के 17वें मुकाबले में शनिवार को पंजाब किंग्स की भिड़ंत सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के साथ होगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुल्लांपुर के महाराज यदविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स अपने विजय रथ को इस मुकाबले में भी बरकरार रखना चाहेगी.
बेहतरीन लय में दिख रहे श्रेयस अय्यर
पंजाब किंग्स ने इस सीजन अब तक 3 मुकाबले खेले हैं. इसमें से टीम ने 2 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है. बल्लेबाजी में प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या की सलामी जोड़ी शानदार लय में दिखाई दी है. वहीं, कूपर कोनोली ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया है. कप्तान श्रेयस अय्यर इस सीजन भी बेहतरीन लय में दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, टीम नेहल वढेरा और शशांक सिंह से भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी. पंजाब किंग्स का गेंदबाजी अटैक जरूर अब तक खेले गए तीन मुकाबलों में कुछ खास कमाल नहीं दिखा सका है. सिर्फ विजयकुमार वैशाक ही आईपीएल 2026 में अभी तक असरदार नजर आए हैं. हालांकि, युजवेंद्र चहल भी बीच के ओवरों में रनों पर लगाम लगाने में सफल रहे हैं.
सनराइजर्स हैदराबाद को 2 मैचों में मिली हार IPL 2026 SRH Vs PBKS
दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 में खेले 3 मुकाबलों में से 2 में हार का सामना किया है, जबकि एक मैच में टीम को जीत नसीब हुई है. ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी इस सीजन संघर्ष करती हुई नजर आई है. कप्तान ईशान किशन भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं. लियाम लिविंगस्टन भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं. हालांकि, हेनरिक क्लासेन ने पिछले सीजन की शानदार फॉर्म को आईपीएल 2026 में भी जारी रखा है. लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उन्होंने 41 गेंदों में 62 रनों की दमदार पारी खेली थी. नीतीश कुमार रेड्डी बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावित करने में सफल रहे हैं. टीम का गेंदबाजी अटैक भी अब तक खेले गए 3 मुकाबलों में छाप नहीं छोड़ सका है.
जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड
पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अब तक कुल 24 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 17 मुकाबले एसआरएच ने जीते हैं. वहीं, सिर्फ 7 मुकाबलों में पंजाब किंग्स को जीत नसीब हुई है. मुल्लांपुर के महाराज यदविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच गेंदबाजों के अनुकूल रहती है. गेंद बल्ले पर थोड़ा फंसकर आती है, जिसके चलते बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है. स्पिनर्स को यहां पिच से काफी मदद मिलती है. एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, एसआरएच और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले मुकाबले में बारिश होने की आशंका न के बराबर है और मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- मैं हमेशा एमएस धोनी को देखता हूं और उनकी तरह बनना चाहता हूं: Mukul Choudhary