Power Bank Charging Issue: फास्ट चार्जर के बाद भी पावर बैंक धीरे हो रहा है चार्ज? जानिए इसकी 4 बड़ी वजहें और कैसे करें ठीक

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Power Bank Charging Issue: स्मार्टफोन की बढ़ती जरूरत के बीच पावर बैंक लोगों की सबसे जरूरी एक्सेसरी बन चुका है. यात्रा के दौरान, ऑफिस में या ऐसी जगह जहां बिजली उपलब्ध नहीं होती, वहां पावर बैंक फोन को चालू रखने में बड़ी मदद करता है. लेकिन कई बार लोग इस बात से परेशान रहते हैं कि फास्ट चार्जर इस्तेमाल करने के बावजूद उनका पावर बैंक बहुत धीरे चार्ज होता है. ऐसे में कई लोगों को लगता है कि पावर बैंक खराब हो गया है, जबकि इसकी वजह कई बार छोटी-छोटी गलतियां भी हो सकती हैं. अगर आपका पावर बैंक भी उम्मीद से ज्यादा समय ले रहा है, तो इसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं, आइए विस्तार से जानते हैं.

चार्जर का कंपेटिबल न होना

आजकल बाजार में 10,000mAh, 20,000mAh और इससे अधिक क्षमता वाले पावर बैंक आसानी से उपलब्ध हैं. बड़ी बैटरी क्षमता वाले पावर बैंक को चार्ज होने में सामान्य तौर पर अधिक समय लगता है, लेकिन यदि उसके साथ सही क्षमता वाला चार्जर इस्तेमाल किया जाए तो यह समय काफी कम हो सकता है. कई लोग अपने स्मार्टफोन के साथ मिलने वाले 5W या 10W चार्जर से ही पावर बैंक चार्ज कर देते हैं. ऐसे चार्जर कम क्षमता वाले होते हैं और बड़े पावर बैंक को चार्ज करने में काफी अधिक समय लेते हैं. अगर आपका पावर बैंक फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है, तो उसके लिए उसी के अनुरूप फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है.

गलत USB केबल भी हो सकती है वजह

कई बार लोग चार्जर बदल देते हैं, लेकिन पुरानी या कम क्षमता वाली USB केबल का इस्तेमाल करते रहते हैं. ऐसे में फास्ट चार्जर होने के बावजूद पावर बैंक तेज गति से चार्ज नहीं हो पाता. यदि केबल कम वॉट सपोर्ट करती है, तो वह पर्याप्त पावर ट्रांसफर नहीं कर पाती और चार्जिंग स्पीड कम हो जाती है. बेहतर प्रदर्शन के लिए USB-C to USB-C केबल का इस्तेमाल करना चाहिए, जो 100W तक पावर ट्रांसमिट करने में सक्षम होती है. ऐसी केबल बाजार में आसानी से उपलब्ध है और बेहतर चार्जिंग स्पीड देने में मदद करती है.

चार्जिंग के दौरान पावर बैंक का इस्तेमाल न करें

कई लोग पावर बैंक को चार्जिंग पर लगाकर उसी समय उससे फोन या अन्य डिवाइस भी चार्ज करने लगते हैं. यानी पावर बैंक एक साथ चार्ज भी हो रहा होता है और डिस्चार्ज भी. इस स्थिति में चार्जिंग स्पीड सामान्य से कम हो सकती है. हालांकि, आजकल कई मॉडर्न पावर बैंक पास-थ्रू चार्जिंग टेक्नोलॉजी के साथ आते हैं. इस तकनीक में अलग सर्किट दिए जाते हैं, जो चार्जिंग और डिस्चार्जिंग की प्रक्रिया को अलग-अलग नियंत्रित करते हैं. इससे पावर बैंक और उससे जुड़े डिवाइस दोनों सुरक्षित रहते हैं. इसके बावजूद यदि तेजी से पावर बैंक चार्ज करना चाहते हैं, तो चार्जिंग के दौरान उससे किसी दूसरे डिवाइस को चार्ज न करना बेहतर विकल्प हो सकता है.

चार्जिंग पोर्ट में खराबी या गंदगी

यदि सही चार्जर और सही केबल का इस्तेमाल करने के बाद भी पावर बैंक की चार्जिंग स्पीड नहीं बढ़ रही है, तो समस्या उसके चार्जिंग पोर्ट में भी हो सकती है. कई बार USB पोर्ट में धूल, मिट्टी या अन्य कण जमा हो जाते हैं, जिससे केबल ठीक तरह से कनेक्ट नहीं हो पाती. इसके अलावा उमस, नमी और पसीने की वजह से चार्जिंग पोर्ट ऑक्सीडाइज भी हो सकता है. ऐसी स्थिति में बिजली का प्रवाह प्रभावित होता है और चार्जिंग धीमी हो जाती है.

अगर पोर्ट में गंदगी दिखाई दे रही है, तो उसे सावधानीपूर्वक साफ किया जा सकता है. इससे कई बार चार्जिंग स्पीड में सुधार देखने को मिलता है. हालांकि, यदि सफाई के बाद भी समस्या बनी रहती है, तो पावर बैंक के पोर्ट या इंटरनल सर्किट में खराबी हो सकती है.

पावर बैंक चार्ज करते समय इन बातों का रखें ध्यान

पावर बैंक की बेहतर परफॉर्मेंस के लिए हमेशा उसकी क्षमता के अनुसार चार्जर और अच्छी गुणवत्ता वाली केबल का इस्तेमाल करें. चार्जिंग के दौरान अनावश्यक रूप से दूसरे डिवाइस चार्ज करने से बचें और समय-समय पर चार्जिंग पोर्ट की सफाई भी करते रहें. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप पावर बैंक की चार्जिंग स्पीड और उसकी कार्यक्षमता दोनों को बेहतर बनाए रख सकते हैं.

यह भी पढ़े: YouTube Without Ads: अब यूट्यूब पर बार-बार नहीं आएंगे Ads! जानिए कैसे मुफ्त में मिलेगी ये सुविधा

Latest News

सोमवार के दिन ही क्यों होती है भगवान शिव की पूजा? जानिए क्या है इसका कारण और व्रत के फायदें

Sawan Somwar 2026: सप्ताह के सातों दिनों का संबंध किसी न किसी देवी-देवता और ग्रह से होता है. ऐसे...

More Articles Like This

Exit mobile version