उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026’ के काउंटडाउन रन कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मशाल प्रज्ज्वलित की और स्वयं भी प्रतीकात्मक दौड़ में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 31 मई को आयोजित होने वाले ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के शुभंकर “क्यालु – हिम तेंदुआ” का भी अनावरण किया। यह शुभंकर हिमालयी साहस, शक्ति और उत्तराखंड की पहचान को दर्शाता है।
सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा का अभियान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जगाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि युवाओं का उत्साह और आत्मविश्वास यह साबित करता है कि उत्तराखंड के युवाओं में साहस और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा मौजूद है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं के कदमों की गूंज आने वाले समय में नीति घाटी की ऊंचाइयों पर नया इतिहास रचेगी।
दौड़ नहीं, आत्मविश्वास की परीक्षा
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह रन सिर्फ शारीरिक क्षमता की परीक्षा ही नहीं है, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है। नीति घाटी जैसे दुर्गम क्षेत्र में दौड़ना आसान नहीं है और इसके लिए मजबूत इरादों की जरूरत होती है। उन्होंने प्रतिभागियों को देवभूमि उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का “ब्रांड एंबेसडर” बताया।
उत्तराखंड बनेगा एडवेंचर स्पोर्ट्स हब
सीएम धामी ने कहा कि आज उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिकता का केंद्र ही नहीं, बल्कि तेजी से आगे बढ़ता नया उत्तराखंड बन रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य को एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का भी जिक्र किया जिसमें सीमावर्ती गांवों को देश का “पहला गांव” बताया गया है।
27 राज्यों और 2 देशों से आएंगे प्रतिभागी
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस महाआयोजन के लिए देश के 27 राज्यों और 2 अन्य देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन पर्यटन, रोजगार, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति देगा। कार्यक्रम में सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र भंडारी सहित कई अधिकारी और प्रतिभागी मौजूद रहे।

