Pulses Price Hike: रसोई पर महंगाई की नई मार, चीनी-प्याज के बाद दालों के भी बढ़े दाम; जानें ताजा रेट

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Pulses Price Hike News: अगर आपकी रसोई में रोज दाल बनती है, तो यह खबर सीधे आपके बजट से जुड़ी है. पहले से महंगे हो रहे खाने-पीने के सामान के बीच अब दालों के दाम में भी तेज उछाल आया है. उड़द और अरहर के बाद मसूर की कीमत में एक ही दिन में 35.28% की तेजी दर्ज की गई है. वहीं उड़द और अरहर के भाव भी तेजी से बढ़े हैं. थोक मंडियों में आई इस तेजी का असर अब स्थानीय बाजारों और पैकेज्ड दालों की कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है. त्योहारी सीजन से पहले दालों के बढ़ते भाव ने आम परिवारों के रसोई बजट को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

उड़द दाल की कीमत में 15.29% उछाल

23 अगस्त को थोक मंडियों में साबुत उड़द यानी Black Gram की कीमत में एक ही दिन में 15.29% की बढ़ोतरी हुई. इसके बाद उड़द का औसत थोक भाव बढ़कर 10,238 रुपये प्रति क्विंटल के उच्च स्तर पर पहुंच गया. कुछ मंडियों में उड़द की कीमत 13,000 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज की गई. थोक बाजार में आई इस तेजी का असर नजदीकी किराना स्टोर्स और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर मिलने वाली पैकेज्ड दालों के दाम पर भी पड़ा है.

स्थानीय खुदरा बाजारों में खुली उड़द दाल यानी साबुत और धुली उड़द की कीमत 120 से 150 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. पैकेज्ड दाल की बात करें तो Dinesh Flour Mills की साबुत उड़द का 1 किलो पैकेट 175 रुपये में उपलब्ध है. वहीं Tata Sampann की ऑर्गेनिक अनपॉलिश्ड उड़द के 500 ग्राम पैकेट की कीमत ऑनलाइन स्टोर्स पर करीब 116 से 125 रुपये के बीच चल रही है.

अरहर दाल भी हुई महंगी

उड़द के बाद अरहर दाल के भाव में भी बड़ी तेजी देखने को मिली है. 23 अगस्त को थोक मंडियों में अरहर की कीमत 19.51% बढ़ी. इस बढ़ोतरी के बाद अरहर का औसत थोक भाव 9,050 रुपये प्रति क्विंटल हो गया. कुछ जगहों पर इसका भाव 13,000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है. थोक बाजार में बढ़े भाव का असर खुदरा बाजार पर भी दिख रहा है. स्थानीय किराना स्टोर्स और सुपरमार्केट में खुली अरहर दाल की कीमत 140 से 160 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई है. वहीं पैकेज्ड अरहर दाल 175 से 195 रुपये प्रति किलो के बीच बिक रही है.

मसूर दाल के भाव में रिकॉर्ड तेजी

अब मसूर दाल की कीमत ने भी चिंता बढ़ा दी है. 24 अगस्त 2026 को प्रमुख थोक बाजारों में मसूर के भाव में एक ही दिन में 35.28% का उछाल आया. इस तेजी के बाद मंडियों में मसूर दाल का औसत थोक भाव बढ़कर 10,672 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया. कुछ मंडियों में इसका भाव 12,700 रुपये प्रति क्विंटल के ऊपरी स्तर तक भी पहुंच गया है. थोक बाजार की इस तेजी का असर स्थानीय किराना दुकानों पर भी देखने को मिल रहा है.

खुली मसूर दाल की कीमत 110 से 130 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. वहीं पैकेज्ड मसूर दाल के भाव 140 से 149 रुपये प्रति किलो के बीच बने हुए हैं.

त्योहारी सीजन से पहले बढ़ी चिंता

उड़द, अरहर और मसूर की कीमतों में तेजी ऐसे समय आई है, जब त्योहारी सीजन नजदीक है. ऐसे में थोक मंडियों में लगातार बढ़ते दाम का असर खुदरा बाजार पर पड़ना स्वाभाविक है. दालें रोजमर्रा के भोजन का अहम हिस्सा हैं, इसलिए इनके भाव में तेजी सीधे घरेलू रसोई के खर्च को प्रभावित कर सकती है. फिलहाल उड़द, अरहर और मसूर के थोक भाव में आई तेज बढ़ोतरी ने आने वाले दिनों में दालों की कीमतों को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

यह भी पढ़े: Snake Bite Alert: मानसून में बढ़ा सांपों का खतरा, सर्पदंश के बाद पहला घंटा सबसे अहम, जानें क्या करें

Latest News

भारत के लिए बेहद खास रहने वाला है यह साल, ISRO चीफ ने बताया जल्द ही लॉन्च होगा गगनयान

Gaganyaan: इसरो जल्द ही अंतरिक्ष में अपना पहला मानव मिशन लॉन्च करेगा. भारत का बहुप्रतीक्षित गगनयान मिशन अब अपने...

More Articles Like This

Exit mobile version