बिना मंजूरी लेजेंड्स लीग में खेलने पहुंचे पाकिस्तानी खिलाड़ी, सभी पर दो साल का लग सकता है बैन, PCB ने दिए संकेत

New Delhi: जाम्बिया में आयोजित एशियन लीजेंड्स लीग में बिना जरूरी मंजूरी हिस्सा लेने वाले कई पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों पर दो साल तक प्रतिबंध लग सकता है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बड़ा कदम उठाने के संकेत दिए हैं. बोर्ड ने साफ कर दिया है कि ICC और PCB की अनुमति के बिना किसी विदेशी क्रिकेट इवेंट में हिस्सा लेना नियमों का उल्लंघन है और इस मामले को गंभीरता से लिया गया है.

जाम्बिया क्रिकेट यूनियन ने नहीं दी मान्यता

जाम्बिया में खेली जा रही एशियन लीजेंड्स लीग 2026 को वहां की आधिकारिक क्रिकेट संस्था जाम्बिया क्रिकेट यूनियन ने मान्यता नहीं दी है. ZCU ने हाल ही में बयान जारी कर कहा था कि यह टूर्नामेंट उसके द्वारा न तो स्वीकृत है और न ही समर्थित. इसके बाद PCB ने भी सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी जारी कर दी. PCB के अनुसार, जिन खिलाड़ियों ने बिना आवश्यक एनओसी के इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है. उन्हें अगले 2 सालों तक किसी भी स्वीकृत विदेशी क्रिकेट लीग के लिए NOC नहीं दिया जाएगा.

अन्य क्रिकेट संबंधी पद के लिए भी अयोग्य

इतना ही नहीं, ऐसे खिलाड़ी दो साल तक PCB, पाकिस्तान सुपर लीग या बोर्ड से जुड़े किसी भी कोचिंग, मेंटरिंग, कंसल्टेंसी या अन्य क्रिकेट संबंधी पद के लिए भी अयोग्य रहेंगे. ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, यह उल्लंघन पहले ही माना जा चुका है, क्योंकि टूर्नामेंट 30 जुलाई से शुरू हो चुका है. प्रतियोगिता में कुल 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें पाकिस्तान पैंथर्स पूरी तरह पाकिस्तानी खिलाड़ियों से बनी टीम है और वह अब तक दो मुकाबले खेल चुकी है.

टूर्नामेंट को ICC की आवश्यक मंजूरी नहीं

रिपोर्ट के मुताबिक, मोहम्मद हफीज, सोहेल तनवीर और उमर अकमल भी इस लीग में खेलने के लिए जाम्बिया की राजधानी लुसाका पहुंचे थे. हालांकि, जब उन्हें पता चला कि टूर्नामेंट को ICC की आवश्यक मंजूरी नहीं मिली है, तो उन्होंने खेलने से पीछे हटने का फैसला किया. दूसरी ओर कई अन्य पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में मैदान पर उतर चुके हैं.

टूर्नामेंट में खेल रही 6 टीमें

इस लीग में पाकिस्तान पैंथर्स के अलावा इंडियन रॉयल्स, श्रीलंकन लायंस, बांग्लादेश टाइगर्स, अफगानिस्तान पठान्स और एशियन स्टार्स जैसी टीमें भी हिस्सा ले रही हैं. इन टीमों में 9 देशों के पूर्व क्रिकेटर शामिल हैं, लेकिन अब तक खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी केवल PCB ने ही दी है. PCB ने अपने बयान में दोहराया कि वह ICC के नियमों और क्रिकेट की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. बोर्ड ने वर्तमान और पूर्व सभी खिलाड़ियों को याद दिलाया कि किसी भी विदेशी क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलने से पहले PCB से जरूरी मंजूरी और NOC लेना अनिवार्य है.

टीम में इन खिलाड़ियों के नाम शामिल 

एशियन लीजेंड्स लीग की आधिकारिक वेबसाइट पर पाकिस्तान पैंथर्स की टीम में शरजील खान, कामरान अकमल, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, उमर अकमल, इमरान नजीर, सईद अजमल, सोहेल तनवीर, यासिर शाह, नावेद-उल-हसन, मोहम्मद इरफान, जुल्फिकार बाबर, राहत अली, हसन रजा, यासिर भट्ट और राणा नईम अनवर जैसे खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं. इनमें से कई खिलाड़ी टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में खेलते भी नजर आए हैं. हाल ही में पाकिस्तान पैंथर्स को इंडियन रॉयल्स के खिलाफ 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था.

इसे भी पढ़ें. ‘लोगों के जीवन में व्यापक बदलाव आए’, अनुच्छेद 370 हटाने के 7 साल पूरे होने पर PM Modi का संदेश

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version