Bangladesh NSI chief: बांग्लादेश की आंतरिक खुफिया एजेंसी नेशनल सिक्योरिटी इंटेलिजेंस (NSI) के प्रमुख मेजर जनरल अबू मोहम्मद सरवर फरीद भारत दौरे पर हैं. फरीद का दिल्ली दौरा हाल ही में हुए DGFI प्रमुख की भारत यात्रा के बाद हुआ है. वहीं एजेंसी के अन्य चार सीनियर अधिकारी भी चीन पहुंचे हैं. ये प्रतिनिधिमंडल तकनीक की जांच और कार्यशालाओं के लिए चीन गया है.
कुछ घंटे के अंदर रवाना हुए दोनों डेलीगेशन
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, NSI के दो डेलीगेशन रविवार को कुछ ही घंटों के भीतर चीन और भारत के लिए रवाना हुए. NSI का IT प्रतिनिधिमंडल दोपहर 1:07 बजे ढाका से ग्वांगझू के लिए तथा NSI प्रमुख शाम 4:22 बजे भारतीय राजधानी नई दिल्ली के लिए रवाना हुए. बांग्लादेश के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की चीन यात्रा 26 से 29 अक्टूबर तक चलेगी. NSI अधिकारी चीन में सूचना प्रौद्योगिकी उत्पादों, उपकरणों और तकनीकी आदान-प्रदान पर केंद्रित कार्यक्रम के लिए गए हैं. हालांकि कार्यशाला का एजेंडा क्या है और चीन के कौन से संगठन इस प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी कर रहे हैं, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है.
भारत दौरे पर भी साफ नहीं चीजें
बता दें कि NSI के महानिदेशक मेजर जनरल अबू मोहम्मद सरवर फरीद एक और अनाम अफसर के साथ दिल्ली आए हैं, जिसका उद्देश्य, उनके साथ गए व्यक्ति की पहचान और नई दिल्ली में उनके कार्यक्रमों के बारे में उपलब्ध जानकारी में कुछ भी स्पष्ट नहीं बताया गया है. यानी दोनों ही यात्राओं पर चीजें स्पष्ट नहीं की गई हैं.
ढाका के अफसरों की दोनों विदेशी यात्राएं ऐसे समय में हो रही हैं, जब क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय साझेदारों के साथ बांग्लादेश के सुरक्षा और खुफिया सहयोग ने ध्यान खींचा है. ये दोनों यात्राएं बांग्लादेश के लिए दो महत्वपूर्ण देशों से जुड़ी हैं. ढाका के लिए चीन तकनीक और रक्षा उपकरणों का प्रमुख आपूर्तिकर्ता है. वहीं भारत से ढाका के गहरे सुरक्षा, खुफिया और राजनयिक संबंध हैं।
दोनों यात्रों में सीधा संबंध नहीं
जानकारों के मुताबिक, ढाका के अफसरों की इन दोनों यात्राओं का समय काफी महत्वपूर्ण है. हालांकि चीन जाने वाले IT प्रतिनिधिमंडल और भारत जाने वाले NSI महानिदेशक की यात्रा के बीच कोई सीधा संबंध होने की पुष्टि करने वाली कोई जानकारी मौजूद नहीं है. NSI बांग्लादेश की मुख्य नागरिक खुफिया एजेंसी है, जो सरकार के अधीन काम करती है.
बता दें कि फरवरी में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार बनने के बाद, बांग्लादेश और भारत के बीच पहली उच्च-स्तरीय सुरक्षा मुलाकातों में से एक के तहत DGFI प्रमुख मेजर जनरल कैसर राशिद चौधरी ने इस साल 1 से 3 मार्च तक नई दिल्ली का दौरा किया था.