New Delhi: अब राजधानी दिल्ली एक बार फिर बड़े इंटरनेशनल इवेंट BRICS समिट के लिए तैयार हो रही है.12 और 13 सितंबर को होने वाले इस सम्मेलन के लिए लुटियंस दिल्ली का पूरा लुक बदलने की तैयारी है. ऐसा माहौल बनाने की कोशिश है कि विदेशी मेहमानों के साथ-साथ आम लोगों को भी दिल्ली का नया अंदाज दिखे. BRICS समिट का मुख्य आयोजन सेंट्रल दिल्ली के भारत मंडपम में होगा. नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) इलाके के कई हिस्सों को खास तरीके से सजाया जाएगा.
41 प्रमुख सड़कों को किया चिन्हित
सड़कें चमकेंगी. चौराहों पर फूल नजर आएंगे. फव्वारे सजेंगे. दीवारों पर रंग-बिरंगे म्यूरल बनाए जाएंगे. NDMC ने इसके लिए खास तैयारी शुरू कर दी है. 41 प्रमुख सड़कों को चिन्हित किया गया है और इन्हें 14 सर्किल में बांटा गया है. हर सर्किल की जिम्मेदारी एक नोडल अधिकारी को दी गई है. अधिकारी और उनकी टीमें रोजाना इन इलाकों का निरीक्षण करेंगी. सफाई से लेकर सजावट तक हर व्यवस्था पर नजर रहेगी. 10 ऐसे होटल भी हैं जहां BRICS देशों के प्रतिनिधियों के ठहरने की संभावना है. इन होटलों के आसपास के इलाकों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
जलभराव से निपटने के लिए अतिरिक्त पंप तैयार
इतना ही नहीं बारिश के मौसम को देखते हुए जलभराव से निपटने के लिए अतिरिक्त पंप तैयार रखे गए हैं और नालों की सफाई भी जारी है. BRICS समिट के लिए दिल्ली में सिर्फ सड़कें साफ करने या फूल लगाने तक की तैयारी नहीं हो रही है. NDMC के अधिकारियों के मुताबिक 15 जगहों पर फ्लोरल बोर्ड लगाए जाएंगे. नौ जगहों पर फ्लावर फाउंटेन तैयार किए जाएंगे. 17 राउंडअबाउट को भी खास तरीके से सजाया और लैंडस्केप किया जाएगा. पार्किंग वाले इलाकों को भी बेहतर बनाने की योजना है. इन जगहों पर सफाई और दूसरी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी होगी.
सार्वजनिक स्थानों को भी समिट से जोड़ने की तैयारी
इस बार दिल्ली के सार्वजनिक स्थानों को भी समिट से जोड़ने की तैयारी है. यानी BRICS की मौजूदगी सिर्फ भारत मंडपम तक दिखाई नहीं देगी. टॉकीटोरा गार्डन के एम्फीथिएटर में कलाकारों की प्रस्तुति होगी. नेशनल म्यूजियम इलाके में म्यूरल पेंटिंग बनाई जाएंगी. BRICS सदस्य देशों के कलाकारों को अपनी कला दिखाने का मौका मिलेगा. लोगों के लिए फूड फेस्टिवल भी आयोजित किया जाएगा, जहां अलग-अलग तरह के व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकेगा.
प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीरों वाले बोर्ड लगाने के सुझाव
विदेश मंत्रालय ने NDMC को शहर में लगाए जाने वाले ‘क्रिएटिव्स’ को लेकर इनपुट दिए हैं. इनमें BRICS लोगो को ज्यादा प्रमुख तरीके से प्रदर्शित करने, अतिरिक्त फ्लोरल बोर्ड लगाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरों वाले बोर्ड लगाने के सुझाव शामिल हैं. समिट से जुड़े कार्यक्रमों में NDMC को सहयोग देने के लिए भी कहा गया है. तैयारियों में इंडिया-अफ्रीका फ्रेंडशिप रोज गार्डन और BRICS फ्रेंडशिप रोज गार्डन भी खास फोकस में हैं. इंडिया-अफ्रीका फ्रेंडशिप रोज गार्डन 2015 में लगाया गया था.
12 सदस्यीय कोर टीम बनाई
वहीं BRICS फ्रेंडशिप रोज गार्डन का उद्घाटन 2016 में हुआ था, जब भारत ने BRICS समिट की मेजबानी की थी. इन जगहों को भी सम्मेलन के हिसाब से सजाया जा रहा है. NDMC ने समिट की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए 12 सदस्यीय कोर टीम बनाई है. इस टीम को करीब 200 अतिरिक्त कर्मचारियों का सहयोग मिलेगा. इनकी जिम्मेदारी आयोजन स्थलों की व्यवस्था बनाए रखने और विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय करने की होगी. बारिश को देखते हुए अतिरिक्त पंप भी तैयार रखे गए हैं. कई इलाकों में नालों की गाद निकालने का काम जारी है, ताकि समिट के दौरान जलभराव से मेहमानों और आम लोगों को परेशानी न हो.
इसे भी पढ़ें. ‘रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने में भारत हर तरह की मदद के लिए तैयार’, कीव में बोले जयशंकर