Indonesia earthquake: इंडोनेशिया में शनिवार सुबह स्थानीय समयानुसार 5:58 बजे 7.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे लोगो में दहशत का माहौल है. इस शक्तिशाली भूकंप का केंद्र फ्लोरेस क्षेत्र के समुद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था, जिससे कई स्थानों पर घरों और सार्वजनिक भवनों को नुकसान पहुंचने की खबर है. फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि राहत और स्थिति का आकलन करने का काम जारी है.
बता दें कि भूकंप के बाद इंडोनेशिया की मौसम, जलवायु एवं भूभौतिकी एजेंसी ने कई तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी चेतावनी जारी कर दी. प्रशासन ने लोगों को तुरंत समुद्र तटों और नदी किनारों से दूर हटकर ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है.
माउंट इबू ज्वालामुखी में विस्फोट
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से लगभग 68 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में समुद्र के भीतर स्थित था. मुख्य झटके के बाद कई आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए. वहीं इंडोनेशिया के हलमहेरा क्षेत्र में स्थित माउंट इबू ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ, जिससे करीब 5 किलोमीटर ऊंचा राख का गुबार आसमान में उडता दिखाई दिया.
सुनामी की चेतावनी जारी
इंडोनेशिया की मौसम, जलवायु और भूभौतिकी एजेंसी ने पूर्वी नुसा तेंगारा, पश्चिमी नुसा तेंगारा, दक्षिण सुलावेसी और दक्षिण-पूर्व सुलावेसी के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है. प्रशासन ने लोगों को समुद्र तटों और नदी किनारों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है. अधिकारी समुद्री ज्वार की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
कई इमारतों को पहुंचा नुकसान
फ्लोरेस द्वीप के कई हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, कई घरों और सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है. भूकंप के वजह से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है और मौमेरे बंदरगाह के टर्मिनल का प्रतीक्षालय भी ढह गया. वहीं, सिक्का स्थित सेंट पीटर मेजर सेमिनरी में सुबह प्रार्थना के दौरान भी अफरातफरी मच गई. भूकंप के झटकों के दौरान सभा कक्ष की छत का एक हिस्सा गिर गया, जिससे लोग घबराकर बाहर भागे. उन्होंने बताया कि एक पादरी दूसरी मंजिल से कूद गए, जिससे उनकी टांग टूट गई.

