इंडोनेशिया में 243 यात्रियों को लेकर न‍िकला जहाज जावा सागर में लापता, तलाश में जुटी रेस्‍क्‍यू टीम

New Delhi: इंडोनेशिया के जावा सागर में रविवार को ‘वर्गो ट्रांसपोर्ट-8’ नामक एक जहाज लापता हो गया. 243 लोगों को लेकर यह जहाज शनिवार सुबह सुराबाया से रवाना हुआ था, लेकिन यात्रा के दौरान अचानक इसका संपर्क टूट गया. इंडोनेशिया की खोज और बचाव एजेंसी (बसारनास) ने जहाज की तलाश में सर्च एंड रेस्क्यू (एसएआर) टीम भेजी है. र‍िपोर्ट के अनुसार, ‘वर्गो ट्रांसपोर्ट-8’ जहाज सुराबाया से बांजारमासिन जा रहा था. इस यात्रा के दौरान जावा सागर में जहाज का संपर्क अचानक टूट गया.

खराब मौसम का सामना

जहाज अभी लापता है. जहाज में करीब 243 सवार हैं. बांजारमासिन क्लास-ए सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख और एसएआर मिशन कोऑर्डिनेटर आई पुतु सुदायाना ने रविवार सुबह बांजारमासिन, दक्षिण कालिमंतान में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जहाज का संपर्क लगभग सुबह 02:00 डब्‍ल्‍यूआईटीए बजे टूट गया. इससे पहले यात्रा के दौरान जहाज को खराब मौसम का सामना करना पड़ा था.

जहाज के संपर्क टूटने की सूचना

उन्होंने बताया क‍ि जहाज की आखिरी लोकेशन बांजारमासिन के बसिरिह एसएआर जेट्टी से लगभग 80 समुद्री मील दूर मिली थी. बांजारमासिन क्लास-ए सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय को जहाज के संपर्क टूटने की सूचना सुबह 04:10 डब्‍ल्‍यूआईटीए बजे मिली. यह सूचना पीटी वर्गो के जनरल मैनेजर योएल रिही ने दी थी. जहाज शनिवार को सुराबाया से 10:13 जीएमटी पर रवाना हुआ था, जिसके बाद यात्रा के दौरान उसका संपर्क टूट गया.

जहाज में बड़ी संख्या में यात्री और चालक दल के सदस्य सवार

पुतु ने बताया कि ‘वर्गो ट्रांसपोर्ट-8’ जहाज के संपर्क टूटने की सूचना मिलने के बाद रेस्‍क्‍यू टीम को उसकी आखिरी लोकेशन वाली जगह पर भेज दिया है. हम इस अभ‍ियान में ज्यादा से ज्यादा कर्मचारियों और संसाधनों को लगा रहे हैं. जहाज में बड़ी संख्या में यात्री और चालक दल के सदस्य सवार हैं. उनकी सुरक्षा ही अभियान की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. बांजारमासिन एसएआर कार्यालय अन्य सभी संबंधित एजेंसियों और संस्थाओं के साथ भी लगातार समन्वय कर रहा है, ताकि खोज अभियान को तेज किया जा सके और जहाज के सभी यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

इसे भी पढ़ें. ‘हमारी विविधता हमारी पहचान रहे और सहयोग हमारी प्रेरणा बने’, BRICS  समिट में गूंजा PM मोदी का संदेश

Latest News

India Renewable Energy: स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि, क्षमता 300 GW के पार; 2030 तक 530 GW का अनुमान

India Renewable Energy: भारत वैश्विक नवीकरणीय ऊर्जा बाजार में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है. देश में...

More Articles Like This

Exit mobile version