Iran War News: ईरान ने बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल से हमला किया है. अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक इराकी अधिकारियों के हवाले से खबर है कि बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास परिसर के अंदर बने हेलिपैड पर एक मिसाइल गिरी है. ग्रीन जोन में बने इस दूतावास से धुआं उठता देखा गया. यह इलाका पहले भी ईरान समर्थित मिलिशिया के रॉकेट और ड्रोन हमलों का निशाना बनता रहा है.
ट्रंप ने किया बड़ा दावा
अमेरिकी दूतावास की ओर से फिलहाल कोई त्वरित प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन इराक के लिए लेवल 4 सुरक्षा अलर्ट पहले से जारी है. उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है. ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खार्ग आइलैंड पर जबरदस्त बमबारी की है. यह वही द्वीप है जहां से ईरान का ज्यादातर तेल निर्यात होता है.
सबसे शक्तिशाली बम हमलों में से एक
इसके अलावा ईरान की एक पनडुब्बी डुबो दी गई. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उनके आदेश पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने मध्य पूर्व के इतिहास के सबसे शक्तिशाली बम हमलों में से एक को अंजाम दिया. उन्होंने कहा कि खार्ग आइलैंड पर मौजूद सभी सैन्य ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया गया.
70 लाख बैरल तेल लोड करने की क्षमता
खार्ग आइलैंड फारस की खाड़ी में ईरान के तट से करीब 25 से 30 किलोमीटर दूर स्थित एक छोटा द्वीप है, लेकिन ईरान की अर्थव्यवस्था के लिए इसकी अहमियत बहुत बड़ी है. विशेषज्ञों के मुताबिक ईरान के कुल तेल निर्यात का करीब 80 से 90 प्रतिशत इसी द्वीप से होता है. यहां मौजूद टर्मिनल रोजाना लगभग 70 लाख बैरल तेल लोड करने की क्षमता रखते हैं.
तेल ढांचे को नहीं बनाया निशाना
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने फिलहाल द्वीप पर मौजूद तेल ढांचे को निशाना नहीं बनाया है. उन्होंने कहा कि ‘शालीनता’ के कारण तेल सुविधाओं को नहीं उड़ाया गया. लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही में दखल देना जारी रखा तो यह फैसला तुरंत बदला जा सकता है.
इसे भी पढ़ें. US-इजरायल के साथ और भी लंबी चलेगी जंग, पाताललोक में मौजूद ईरान की मिसाइल सिटी- कामिकाजी ड्रोन का सामने आया वीडियों