Death Of An Indian National In Israel: एक भारतीय नागरिक की इजराइल में संदिग्ध मौत हो गई है. अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है और घटना के पूरे तथ्यों तथा परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मृतक की पहचान राजीव आचार्य के तौर पर की और उनकी ”मौत” पर गहरा शोक व्यक्त किया.
दूतावास ने कहा, ”दूतावास लगातार इजराइल के अधिकारियों के संपर्क में है. उन्होंने बताया है कि एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा घटना के पूरे तथ्यों एवं परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है.” उसने घटना या पीड़ित के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी. दूतावास ने आचार्य के शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि वह हर संभव मदद देने के लिए तैयार है. उसने कहा, ”दूतावास इस मामले पर करीब से नजर रखेगा और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में रहेगा.”