Islamabad: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के एक औद्योगिक क्षेत्र में गुरूवार को गैस पाइपलाइन में विस्फोट होने से आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. धमाके की चपेट में आए अन्य पांच की हालत गंभीर है. मृतकों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. सभी मृतक एक ही परिवार के हैं. यह सभी हत्तार इंडस्ट्रियल एस्टेट में गैस पाइपलाइन में लगी आग में फंस गए थे. आग बुझाने के लिए आस-पास से दमकल विभाग की गाड़ियां बुलानी पड़ीं.
पाइपलाइन में जोरदार धमाके के बाद भीषण आग
पाकिस्तान में आपातकालीन सेवा मुहैया कराने वाले ‘रेस्क्यू 1122’ के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. यह घटना हरिपुर जिले के ‘हत्तर इंडस्ट्रियल एस्टेट’ में हुई. ‘रेस्क्यू 1122’ के सूत्रों के अनुसार, यह विस्फोट ‘ग्रैंड ट्रंक रोड’ के पास एक कारखाने के निकट हुआ, जहां गैस पाइपलाइन में हुए जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई. निकट स्थित एक मकान भी आग की चपेट में आ गया, जिससे नुकसान बढ़ गया और बचाव कार्य जटिल हो गया.
चार महिलाओं और छह बच्चों को बचाया
उन्होंने बताया कि इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई. मृतकों में तीन बच्चे, दो लड़कियां, दो बुज़ुर्ग महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं. हरिपुर के जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग के तेजी से फैलने के बीच चार महिलाओं और छह बच्चों को बचा लिया गया है. उन्होंने बताया कि कई महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए हैं और बचाव कार्य जारी है.
प्रांत के CM अफरीदी ने दुख जताया
हरिपुर के उपायुक्त वसीम अहमद ने कहा कि लोगों की मौत का मुख्य कारण दम घुटना प्रतीत होता है. सात-आठ घंटों की कोशिश के बाद आग पर काबू पा लिया गया और बचाव अभियान पूरा हो चुका है. प्रांत के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने जानमाल के नुकसान पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि प्रांतीय सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और घायलों को बेहतरीन इलाज मुहैया करा रही है. उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया.
इसे भी पढ़ें. ‘हवा में महल बना रहे अमेरिकी नेता…’, ईरान ने ट्रंप की ऊंट वाली कहावत सुनाकर उड़ाई खिल्ली

