बीजिंग दौरे पर जाएंगे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीनी विदेश मंत्रालय का ऐलान

Aarti Kushwaha
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Putin China Visit: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन से रवाना होते ही बीजिंग ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की आधिकारिक यात्रा का ऐलान कर दिया. चीनी और रूसी विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी. सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर चीनी विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बुलावे पर, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 19 से 20 मई तक चीन के राजकीय दौरे पर आएंगे.

वहीं, क्रेमलिन ने भी शनिवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की. उनके मुताबिक इस यात्रा के दौरान पुतिन चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ कई अहम वैश्विक और रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे. बैठक ऐसे समय हो रही है, जब दुनिया अमेरिका-ईरान तनाव, यूक्रेन युद्ध और ताइवान विवाद जैसे बड़े भू-राजनीतिक संकटों से गुजर रही है.

19-20 मई को चीन दौरे पर रहेंगे पुतिन

क्रेमलिन ने एक बयान में कहा कि पुतिन का यह दौरा 19-20 मई को तय किया गया. उन्होंने आगे कहा कि चीन-रूस मैत्री संधि की 25वीं सालगिरह के मौके पर ये दौरा हो रहा है. 2001 में दोनों के बीच सहमति बनी थी.

दोनो देशो के बीच होंगे कई समझौते

क्रेमलिन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दोनों नेता रूस और चीन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर बातचीत करेंगे. वैश्विक सुरक्षा, एशिया-प्रशांत क्षेत्र की स्थिति, ऊर्जा सहयोग, व्यापार और पश्चिमी देशों के साथ बढ़ते तनाव जैसे मुद्दों पर पूरा जोर होगा. रिपोर्ट के अनुसार, बातचीत के बाद दोनों देश एक साझा घोषणा पत्र पर भी हस्ताक्षर कर सकते हैं.

रूस की अर्थव्यवस्था के लिए चीन बड़ा सहारा

पुतिन चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग से भी मुलाकात करेंगे. बैठक में आर्थिक और व्यापारिक सहयोग को लेकर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है. दरअसल, पश्चिमी प्रतिबंधों के बाद रूस की अर्थव्यवस्था के लिए चीन एक बड़ा सहारा बनकर उभरा है. चीन फिलहाल रूसी तेल और गैस का सबसे बड़ा खरीदार माना जाता है, जिससे मास्को को अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच आर्थिक राहत मिल रही है.

यह घोषणा यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप के चीन का अपना दौरा खत्म करने के 24 घंटे से भी कम समय बाद की गई. अमेरिका ने ट्रेड और ईरान संघर्ष को लेकर गहन विमर्श किया था. जब सितंबर 2025 में पुतिन चीन गए, तो शी ने अपने समकक्ष का “पुराने दोस्त” के तौर पर स्वागत किया. पुतिन ने भी शी को “प्यारा दोस्त” से संबोधित किया था.

Latest News

Crude Oil Price: कच्चा तेल 110 डॉलर के पार, क्या फिर बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम?

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल रहा है. इससे पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है.

More Articles Like This

Exit mobile version