विंबलडन: 20 साल की माया जॉइंट ने दिग्गज खिलाड़ी सेरेना विलियम्स को हराया, जीत पर बोलीं- पूरा हुआ मेरा सपना

Wimbledon: 20 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी माया जॉइंट ने विंबलडन 2026 में सिंगल्स में बड़ा उलटफेर करते हुए अमेरिका की दिग्गज खिलाड़ी सेरेना विलियम्स को हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया. 23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना विलियम्स का विंबलडन 2026 में सिंगल्स कमबैक पहले ही दौर में समाप्त हो गया. ऑल इंग्लैंड क्लब के सेंटर कोर्ट पर खेले गए मुकाबले में माया जॉइंट ने तीन सेटों तक चले रोमांचक मुकाबले में 6-3, 6-7(6), 6-3 से जीत दर्ज कर अपने करियर की सबसे बड़ी सफलता हासिल की.

अब दूसरे दौर में सामना एलेक्जेंड्रा ईला से होगा

माया जॉइंट की यह विंबलडन में पहली जीत भी रही. खास बात यह है कि वह जनवरी से लगातार 11 टूर-लेवल मुकाबले हारकर इस टूर्नामेंट में उतरी थीं. अब दूसरे दौर में उनका सामना एलेक्जेंड्रा ईला से होगा. मुकाबले में माया ने पहला सेट 6-3 से अपने नाम किया. दूसरे सेट के टाई-ब्रेक में सेरेना ने पहला मैच प्वाइंट बचाया और शानदार वापसी करते हुए सेट जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया.

सर्विस पांच बार तोड़ी और मैच अपने नाम कर लिया

निर्णायक सेट में उन्होंने शुरुआती बढ़त भी बनाई, लेकिन युवा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए सेरेना की सर्विस पांच बार तोड़ी और मैच अपने नाम कर लिया. माया ने मुकाबले में 10 ऐस भी लगाए. 44 वर्षीय सेरेना ने अपना पिछला सिंगल्स मुकाबला 2022 यूएस ओपन में खेला था. इसके बाद 1,397 दिनों के अंतराल के बाद उन्होंने विंबलडन में सिंगल्स कोर्ट पर वापसी की.

सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनीं

ओपन एरा में वह विंबलडन महिला एकल खेलने वाली दूसरी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनीं. उनसे पहले 2004 में 47 वर्षीय मार्टिना नवरातिलोवा ने यह उपलब्धि हासिल की थी. जीत के बाद माया जॉइंट ने कहा, ‘मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या हुआ. शुरुआत में मैं बेहद नर्वस थी. सेरेना एक महान खिलाड़ी हैं और उनके खिलाफ सेंटर कोर्ट पर खेलना बचपन का सपना था. मैच खत्म करना सबसे मुश्किल हिस्सा था, क्योंकि उन्होंने दूसरे सेट के बाद अपने खेल का स्तर काफी ऊंचा कर दिया था.’

विंबलडन लौटना मेरे लिए बेहद खास

वहीं, सेरेना ने मीडिया को जारी बयान में कहा, ‘विंबलडन लौटना मेरे लिए बेहद खास रहा. मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं फिर यहां खेलूंगी. यहां का माहौल शानदार था और मैंने हर पल का पूरा आनंद लिया.’ हालांकि सिंगल्स से बाहर होने के बावजूद सेरेना का विंबलडन अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है. वह अपनी बहन वीनस विलियम्स के साथ महिला युगल स्पर्धा में हिस्सा लेंगी.

इसे भी पढ़ें. Mangaluru Landslide: बारिश बनी काल, भूस्खलन की जद में आया मकान, तीन लोगों की मौत

Latest News

NATO समिट के लिए तुर्की जा रहे डोनाल्ड ट्रंप, F110 फाइटर जेट इंजन हासिल करने पर एर्दोगन की नजर, क्या बनेगी बात?

NATO Summit: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले हफ्ते नाटो समिट में हिस्सा लेने के लिए तुर्की जा रहे...

More Articles Like This

Exit mobile version