अमेरिकी विमान की एंट्री से फिर बढा चीन-ताइवान में तनाव, जिनपिंग की US यात्रा से पहले मचा बवाल

New Delhi: इंडो-पैसिफिक में अमेरिका और चीन के बीच रणनीतिक खींचतान एक बार फिर ताइवान स्ट्रेट तक पहुंच गई है. शुक्रवार को अमेरिकी नौसेना का P-8A पोसाइडन विमान ताइवान स्ट्रेट से गुजरा, जबकि अगले ही दिन ताइवान ने अपने आसपास चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के 3 विमानों, 8 नौसैनिक जहाजों और 7 सरकारी जहाजों की मौजूदगी दर्ज की. ताइवान के मुताबिक, तीनों चीनी विमानों ने मीडियन लाइन पार की और उसके उत्तरी तथा दक्षिण-पश्चिमी एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन (ADIZ) में प्रवेश किया.

घटनाक्रम की टाइमिंग इसलिए महत्वपूर्ण

इस घटनाक्रम की टाइमिंग इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के अगले महीने अमेरिका जाने की उम्मीद है, जहां उनकी मुलाकात US अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से हो सकती है. दोनों देश व्यापार, तकनीक और ताइवान जैसे मुद्दों पर तनाव कम करने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे में एक तरफ बातचीत और दूसरी तरफ ताइवान स्ट्रेट में सैन्य गतिविधि, दोनों महाशक्तियों के रिश्तों की जटिलता दिखाती है.

ट्रांजिट अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप

अमेरिकी 7वीं फ्लीट ने कहा कि P-8A का यह ट्रांजिट अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप था और यह ‘फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक’ के प्रति अमेरिका की प्रतिबद्धता दिखाता है. अमेरिकी विमान के ताइवान स्ट्रेट से गुजरने के दौरान चीनी सेना ने उसकी निगरानी की. चीन की सेना ने पूरे ट्रांजिट के दौरान विमान को ट्रैक किया. वहीं चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने एक सैन्य सूत्र के हवाले से कहा कि स्थिति नियंत्रण में थी. अमेरिका का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय कानून जहां अनुमति देता है, वहां उसकी सेना उड़ान, नौवहन और संचालन जारी रखेगी.

रक्षा क्षमता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम

ताइवान स्ट्रेट में अमेरिकी सैन्य विमान और जहाजों की ऐसी गतिविधियां समय-समय पर होती रही हैं और चीन इन्हें लेकर नाराजगी जताता रहा है. इसी बीच ताइवान अपनी रक्षा क्षमता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रहा है. ताइवान सरकार ने 2027 के लिए रक्षा बजट में 18 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है. इसके साथ कुल रक्षा खर्च पहली बार 1 ट्रिलियन ताइवानी डॉलर के पार जाने का अनुमान है.

ताइवान की GDP के 3 फीसदी से ज्यादा

प्रस्तावित रक्षा बजट करीब 1.1225 ट्रिलियन ताइवानी डॉलर यानी 31.41 अरब डॉलर है, जो ताइवान की GDP के 3 फीसदी से ज्यादा होगा. इस अतिरिक्त खर्च में ड्रोन और मिसाइलों पर विशेष जोर दिया गया है. ताइवान के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इन हथियारों पर अतिरिक्त खर्च की योजनाएं पहले संसद में मंजूरी हासिल नहीं कर पाई थीं. ताइवान के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, शुक्रवार को उसके आसपास चीन की नौसेना के 7 जहाज और 6 सरकारी जहाज देखे गए थे.

स्थिति और सक्रिय नजर आई

गुरुवार को PLA के 7 विमान, 8 नौसैनिक जहाज और 6 सरकारी जहाज दर्ज किए गए थे. इनमें से 5 चीनी विमानों ने ताइवान के उत्तरी, दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी ADIZ में प्रवेश किया था. शनिवार को स्थिति और सक्रिय नजर आई. ताइवान ने तीन PLA विमानों की उड़ान दर्ज की और बताया कि तीनों ने मीडियन लाइन पार की. ताइवान की सेना ने कहा कि उसने पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी और जवाबी कार्रवाई की.

इसे भी पढ़ें. छत्तीसगढ़ में हादसा: ट्रक और पिकअप की टक्कर, तीन मजदूरों की मौत, आठ घायल

Latest News

Dussehra Wishes: अधर्म पर धर्म की विजय…, इन संदेशों के साथ प्रियजनों को दें दशहरा की शुभकामनाएं

Dussehra Wishes: देशभर में दशहरा का त्यौहार की बड़ी धूम रहती है. इस पर्व को बुराई पर अच्छाई की...

More Articles Like This

Exit mobile version