मंगोलिया में खसरे ने पसारा पांव, 13 हजार से अधिक संक्रमित, अधिकांश स्कूली बच्चे प्रभावित

Mongolia: मंगोलिया इन दिनों खसरे का दंश झेल रहा है. यहां खसरे के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 13,532 हो गई है. देश के नेशनल सेंटर फॉर कम्युनिकेब्ल डिजीज (NCCD) ने बुधवार को यह जानकारी दी. हालांकि 13,514 लोग स्वस्थ भी हुए हैं. वर्तमान में खसरे के सात मरीज अस्पताल में भर्ती हैं. जिनका इलाज चल रहा है. अधिकांश नए मामले स्कूली बच्चों में पाए गए हैं, जिन्हें खसरे के टीके की केवल एक खुराक दी गई थी.

बच्चों को खसरे के टीके की दो खुराकें लगवाने की सलाह

इसे देखते हुए NCCD ने माता-पिता को सलाह दी है कि वे अपने बच्चों को खसरे के टीके की दो खुराकें लगवाकर इस संभावित गंभीर बीमारी से बचाएं. डॉक्टरों के मुताबिक खसरा एक अत्यधिक संक्रामक वायरल रोग है जो हवा के जरिए फैलता है. सामान्य जटिलताओं में बुखार, सूखी खांसी, नाक बहना, गले में खराश और आंखों में सूजन शामिल हैं. इस बीमारी को टीकाकरण से रोका जा सकता है.

तेज बुखार, खांसी, नाक बहना आदि इसके प्रमुख लक्षण

खसरा श्वसन तंत्र को संक्रमित करता है और फिर पूरे शरीर में फैल जाता है. तेज बुखार, खांसी, नाक बहना और पूरे शरीर पर चकत्ते आदि इसके प्रमुख लक्षण हैं. खसरे से बीमार होने या इसे दूसरों में फैलने से रोकने के लिए सबसे अच्छा तरीका टीकाकरण है. यह टीका सुरक्षित है और शरीर को वायरस से लड़ने में मदद करता है. 1963 में खसरे के टीके की शुरुआत और व्यापक टीकाकरण से पहले लगभग हर दो से तीन साल में बड़ी महामारियां होती थीं और हर साल अनुमानित 26 लाख लोगों की मौत होती थी.

2023 में खसरे से अनुमानित 1,07,500 लोगों की मौत

सुरक्षित और किफायती टीके की उपलब्धता के बावजूद 2023 में खसरे से अनुमानित 1,07,500 लोगों की मौत हुई, जिनमें ज्यादातर पांच साल से कम उम्र के बच्चे थे. खसरे के लक्षण आमतौर पर वायरस के संपर्क में आने के 10-14 दिन बाद शुरू होते हैं. इसका सबसे स्पष्ट लक्षण शरीर पर लाल चकत्ते या दाने हैं. दाने आमतौर पर चेहरे और गर्दन के ऊपरी हिस्से पर संपर्क में आने के लगभग 7-18 दिन बाद शुरू होते हैं. यह लगभग 3 दिनों में फैलता है और अंततः हाथों और पैरों तक पहुंच जाता है. यह आमतौर पर 5-6 दिनों तक रहता है और फिर धीरे-धीरे गायब हो जाता है.

इसे भी पढ़ें. इस बार दिल्ली में खास होगी छठ पूजाः फूलों की बारिश से लेकर सरकार करेगी ये इंतजाम

 

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version