Washington: ट्रंप प्रशासन ने अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है. अमेरिकी सीमा गश्ती दल के अधिकारियों ने 30 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जो अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे थे. अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा (CBP) ने पिछले सप्ताह एक बयान में बताया कि कैलिफोर्निया के एल सेंट्रो सेक्टर में सीमा गश्ती के कई एजेंट ने आव्रजन चौकियों पर वाहनों को रोककर और अंतर-एजेंसी अभियानों के दौरान ऐसे कई अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास वाणिज्यिक वाहन चलाने के लाइसेंस थे.
सेमीट्रक चला रहे 42 अवैध प्रवासी गिरफ्तार
अधिकारियों ने 23 नवंबर से 12 दिसंबर के बीच अंतरराज्यीय मार्गों पर वाणिज्यिक चालक लाइसेंस के साथ सेमीट्रक चला रहे 42 अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार किए गए लोगों में से 30 भारत, दो अल साल्वाडोर और शेष चीन, इरिट्रिया, हैती, होंडुरस, मैक्सिको, रूस, सोमालिया, तुर्किये और यूक्रेन से हैं. CBP ने बताया कि कैलिफोर्निया ने 31 वाणिज्यिक चालक लाइसेंस जारी किए थे.
आव्रजन कानून के उल्लंघनों को लागू करना उद्देश्य
फ्लोरिडा, इलिनोइस, इंडियाना, ओहियो, मैरीलैंड, मिनेसोटा, न्यू जर्सी, न्यूयॉर्क, पेंसिल्वेनिया और वाशिंगटन द्वारा आठ-आठ लाइसेंस जारी किए गए थे. उसने कहा कि इस अंतर-एजेंसी अभियान का उद्देश्य आव्रजन कानून के उल्लंघनों को लागू करना, अमेरिकी राजमार्गों की सुरक्षा करना और वाणिज्यिक परिवहन क्षेत्र में नियामक मानकों को बनाए रखना था.
अवैध प्रवासियों के लिए क्रिसमस ऑफर
बता दें कि वहीं दूसरी ओर अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की सरकार अवैध प्रवासियों के लिए क्रिसमस ऑफर लेकर आई है. ट्रंप ने अमेरिका में बिना कागज के रह रहे लोगों को देश छोड़ने के लिए यह क्रिसमस ऑफर दिया है. जब से ट्रंप दोबारा राष्ट्रपति की कुर्सी पर लौटे हैं, उन्होंने बड़े पैमाने पर प्रवासियों को अमेरिका से बाहर निकालने की नीति पर काम किया है. अपनी पूरी ताकत इस दिशा में लगा दी है. वो कभी डंडे का सहारा लेते हैं तो कभी नई-नई स्किम लेकर आते हैं.
सिर्फ 3,000 डॉलर या लगभग 2,70,738 रुपये मिलेंगे
अब अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) ने अवैध प्रवासियों को ऑफर दिया है कि अगर वो साल खत्म होने से पहले अमेरिका छोड़ते हैं तो उन्हें न सिर्फ 3,000 डॉलर या लगभग 2,70,738 रुपये मिलेंगे बल्कि साथ में वापसी का किराया भी दिया जाएगा. मतलब की फ्री टिकट मिलेगा.
इसे भी पढ़ें. Pakistan: पाक में बढ़ रहा बवाल, अडियाला जेल के पास इमरान खान की बहनों ने दिया धरना, कहा…