फ्रांस में हिंसा: PM ने सीमित कर्फ्यू के दिए निर्देश, राष्ट्रपति ने स्वीकार नहीं किया गृह मंत्री का इस्तीफा

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Violence In France: फ्रांस में हिंसा, आगजनी और लूटपाट की घटनाओं ने सरकार की टेंशन बढ़ा दी है. हालात संभालने के लिए प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू ने शहरों के संवेदनशील इलाकों में जरूरत के अनुसार सीमित समय के लिए कर्फ्यू लगाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि कर्फ्यू ऐसे इलाकों में ही लगाया जाए, जहां हिंसा फैलने का खतरा अधिक है.

प्रधानमंत्री लेकोर्नू ने शनिवार को हुई हिंसा और बड़े पैमाने पर संपत्ति को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि इतनी गंभीर हिंसा के बावजूद किसी की जान नहीं गई, यह किसी चमत्कार से कम नहीं है. उन्होंने हिंसक भीड़ का सामना कर रहे पुलिसकर्मियों के काम का भी बचाव किया.

गृह मंत्री ने की थी इस्तीफे की पेशकश

फ्रांस के कई बड़े शहरों में हिंसा और दुकानों में लूटपाट के बाद गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने इस्तीफे की पेशकश की थी. हालांकि, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया. राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, मौजूदा हालात में पुलिस और सुरक्षा बलों की कमान संभालने के लिए गृह मंत्री का पद पर बने रहना जरूरी है. राष्ट्रपति मैक्रों ने गृह मंत्री को हिंसा से पहले तैयारियों और खुफिया जानकारी जुटाने में हुई चूकों की पूरी जांच करने को कहा है. साथ ही पुलिस की कार्यशैली में जल्द बदलाव लाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि हिंसक भीड़ से बेहतर तरीके से निपटा जा सके.

पेरिस से मार्सेई तक आगजनी, लूटपाट

रविवार की शाम पेरिस, लियोन और मार्सेई सहित कई शहरों में उपद्रवियों ने कूड़ेदानों, साइकिलों और दूसरी चीजों में आग लगा दी. कई दुकानों में लूटपाट भी हुई. इससे एक दिन पहले शनिवार को महंगाई और स्कूलों की खराब हालत के खिलाफ हुए देशव्यापी प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़क गई थी. अधिकारियों के अनुसार, देशभर में कम से कम 2,400 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस से भिड़े उपद्रवी

अधिकारियों का कहना है कि सैकड़ों लोगों के समूहों ने पुलिस से भिड़ने के साथ ही नगर भवनों और दूसरे सरकारी दफ्तरों को भी निशाना बनाया. गृह मंत्री नुनेज ने माना कि शनिवार को कुछ बड़े शहरों में हालात प्रशासन के हाथ से निकल गए थे. उन्होंने कहा कि सैकड़ों दुकानों में लूटपाट हुई और अब यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.

नुनेज ने सोमवार को फ्रांस इंटर रेडियो से बातचीत में कहा कि जो कुछ हुआ, उसकी जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की पेशकश की थी. उन्होंने माना कि इस तरह की भीड़ के जुटने और हिंसा फैलने का पहले से बेहतर अंदाजा लगाने की जरूरत है. गृह मंत्री ने हिंसा के लिए उपद्रवियों, लुटेरों और वामपंथी कट्टरपंथी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने यह भी माना कि तेजी से एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने वाले समूहों से निपटने के लिए पुलिस की रणनीति बदलनी होगी.

ऐतिहासिक सिटी हॉल आग की जद में

हिंसा के दौरान मध्य फ्रांस के लिमोज शहर में 19वीं सदी की सिटी हॉल इमारत में भीषण आग लग गई. आग की वजह से इमारत की छत ढह गई और ऐतिहासिक भवन को भारी नुकसान पहुंचा. इस घटना ने हिंसा के दौरान सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुकसान की गंभीरता को उजागर किया.

More Articles Like This

Exit mobile version