Bank Strike 2026: बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को देखते हुए अरुणाचल प्रदेश सरकार ने सितंबर महीने की सैलरी और पेंशन का भुगतान तय समय से पहले करने का फैसला किया है. सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स को बैंक बंद रहने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए 25 सितंबर को ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने की मंजूरी दी है. इस फैसले से नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ आकस्मिक, अस्थायी और संविदा कर्मचारियों तथा पेंशन और सेवानिवृत्ति लाभ पाने वालों को भी राहत मिलेगी.
25 सितंबर को ही जारी होगी सैलरी और पेंशन
संयुक्त सचिव (बजट) इकार बिरची की ओर से गुरुवार को जारी आदेश के मुताबिक, सितंबर महीने के नियमित कर्मचारियों के वेतन, आकस्मिक, अस्थायी और संविदा कर्मचारियों के मेहनताने के अलावा पेंशन और सेवानिवृत्ति लाभों के भुगतान के लिए 25 सितंबर को राशि आहरित करने की मंजूरी दी गई है. सरकार ने यह कदम बैंक हड़ताल के दौरान भुगतान व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए उठाया है. दरअसल, 28 सितंबर से बैंक कर्मचारियों की तीन दिन की हड़ताल प्रस्तावित है. इससे पहले 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है. ऐसे में हड़ताल और पहले से तय बैंक अवकाश को मिलाकर कई जगहों पर बैंकिंग सेवाएं लगातार कई दिनों तक प्रभावित रह सकती हैं. इसी वजह से सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स का भुगतान पहले ही करने का फैसला किया है.
सैलरी में कोई अंतर हुआ तो अक्टूबर में होगा एडजस्ट
सितंबर की सैलरी और दूसरे भुगतान सामान्य समय से पहले जारी किए जाने की वजह से अगर किसी कर्मचारी के वेतन में बाद में किसी तरह का जोड़-घटाव या कटौती निकलती है, तो उसका समायोजन अक्टूबर महीने की सैलरी में किया जाएगा. यानी कर्मचारियों को सितंबर का पैसा पहले मिल जाएगा, लेकिन महीने के अंतिम हिसाब में अगर कोई बदलाव बनता है तो उसे अगले महीने के भुगतान में एडजस्ट किया जा सकता है.
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को भी आज मिलेगा पैसा
बैंक हड़ताल को देखते हुए केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए भी सितंबर महीने की सैलरी और पेंशन का भुगतान 25 सितंबर को किए जाने की व्यवस्था की गई है. सामान्य तौर पर यह भुगतान बाद में होता, लेकिन बैंकिंग सेवाओं में संभावित रुकावट को देखते हुए इस बार राशि पहले ही बैंक खातों में भेजी जा रही है. इस फैसले का फायदा केंद्रीय कर्मचारियों के साथ पेंशन पाने वाले लोगों को भी मिलेगा. सरकार की कोशिश है कि बैंक शाखाओं के बंद रहने या बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की स्थिति में कर्मचारियों और पेंशनर्स को अपनी सैलरी या पेंशन के लिए इंतजार न करना पड़े.
28 से 30 सितंबर तक क्यों होगी बैंक हड़ताल?
बैंक कर्मचारियों ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है. कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में बैंकों में पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करना शामिल है. फिलहाल रविवार के अलावा दूसरे और चौथे शनिवार को बैंकों में छुट्टी रहती है. बैंक यूनियनों की मांग है कि अन्य कई वित्तीय संस्थानों की तरह बैंक कर्मचारियों को भी हर शनिवार छुट्टी दी जाए. पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह को लेकर बैंक यूनियनों और सरकार के बीच लंबे समय से चर्चा चल रही है. कर्मचारियों का कहना है कि इस व्यवस्था को लागू करने को लेकर पहले सहमति बनने के बावजूद अंतिम मंजूरी का इंतजार है. इसी मुद्दे को लेकर यूनियनों ने फिर से आंदोलन का रास्ता अपनाया है.
PLI स्कीम को लेकर भी है विरोध
बैंक कर्मचारियों की एक अन्य प्रमुख आपत्ति परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव यानी PLI स्कीम को लेकर रही है. यूनियनों ने संशोधित PLI व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसमें अलग-अलग स्तर के कर्मचारियों के बीच इंसेंटिव में अंतर का विरोध किया है. कर्मचारियों का तर्क है कि इंसेंटिव की व्यवस्था सभी स्तरों के कर्मचारियों के लिए उचित तरीके से होनी चाहिए. हालांकि, कर्मचारियों के विरोध के बाद सितंबर 2026 में संशोधित PLI स्कीम को फिलहाल रोक दिया गया है. इस मुद्दे पर आगे होने वाली द्विपक्षीय बातचीत के दौरान दोबारा चर्चा की जाएगी. इसके बावजूद पांच दिन के वर्किंग वीक समेत अन्य मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों की 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल जारी है.
यह भी पढ़े: UN में शहबाज शरीफ की फजीहत, हाफिज सईद पर सवाल पड़ा तो मुंह छिपाकर दबे पांव भागे पाक PM

