BHIM App में बड़ा अपडेट: अब सीधे ऐप पर चेक करें CIBIL स्कोर, यूजर्स को मिलेगा बड़ा फायदा

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

BHIM App CIBIL Score Check: डिजिटल पेमेंट्स के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है. अब सिर्फ पैसे भेजने और रिसीव करने तक सीमित रहने वाला BHIM ऐप यूजर्स के लिए और ज्यादा उपयोगी बनने जा रहा है. नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने सोमवार को जानकारी दी कि उसकी इकाई BHIM सर्विसेज और TransUnion CIBIL के बीच एक अहम करार हुआ है.

इस साझेदारी के बाद अब यूजर्स BHIM ऐप के अंदर ही अपना क्रेडिट स्कोर और पूरी क्रेडिट रिपोर्ट चेक कर सकेंगे. इस नई सुविधा के जरिए यूजर्स को अलग से किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे एक ही ऐप पर अपने फाइनेंशियल हेल्थ की पूरी जानकारी पा सकेंगे.

एक ही ऐप में पूरी क्रेडिट जानकारी

इस इंटीग्रेशन के बाद यूजर्स सीधे BHIM ऐप के भीतर ही अपना CIBIL स्कोर और क्रेडिट रिपोर्ट देख सकते हैं. इससे न सिर्फ सुविधा बढ़ेगी, बल्कि लोग अपनी क्रेडिट स्थिति पर नियमित नजर भी रख सकेंगे. NPCI के अनुसार, यह सुविधा पूरी तरह से सुरक्षित और यूजर-कंट्रोल पर आधारित होगी. क्रेडिट डेटा तक पहुंच सहमति-आधारित मॉडल के जरिए होगी, यानी यूजर की स्पष्ट अनुमति के बाद ही उनकी जानकारी दिखाई जाएगी.

किन यूजर्स को मिलेगा फायदा

यह नया फीचर BHIM ऐप के वर्जन 4.0.19 और उससे ऊपर के वर्जनों में उपलब्ध कराया गया है. यानी जिन यूजर्स के पास ऐप का लेटेस्ट वर्जन है, वे इस सुविधा का तुरंत फायदा उठा सकते हैं. इस अपडेट का उद्देश्य BHIM ऐप को सिर्फ भुगतान प्लेटफॉर्म से आगे ले जाकर एक संपूर्ण फाइनेंशियल टूल बनाना है.

क्या बोले ट्रांसयूनियन सिबिल के एमडी और सीईओ ?

ट्रांसयूनियन सिबिल के एमडी और सीईओ भावेश जैन ने कहा, “जैसे-जैसे भारत क्रेडिट के लिए लेन-देन आधारित दृष्टिकोण से अधिक योजनाबद्ध दृष्टिकोण की ओर बढ़ रहा है, यह उपभोक्ता जागरूकता की दिशा में हमारी यात्रा का एक महत्वपूर्ण कदम है.” वहीं, एनपीसीआई भीम सर्विसेज लिमिटेड की एमडी और सीईओ ललिता नटराज ने कहा, “यह सहयोग ऐप के मूल सिद्धांत, यानी सरलता और उपयोगकर्ता नियंत्रण को क्रेडिट क्षेत्र में आगे बढ़ाता है.”

पहले भी जुड़े नए फीचर्स

BHIM ऐप लगातार नए फीचर्स जोड़कर खुद को अपग्रेड कर रहा है. इससे पहले मार्च में ऐप पर यूपीआई भुगतान के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण शुरू किया गया था. इस फीचर के तहत यूजर्स फिंगरप्रिंट या फेस रिकग्निशन के जरिए 5,000 रुपए तक के लेनदेन को सुरक्षित तरीके से पूरा कर सकते हैं.

UPI का बढ़ता दायरा

BHIM ऐप भारत का स्वदेशी UPI आधारित पेमेंट प्लेटफॉर्म है, जो शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में 15 से अधिक भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है. इसमें खर्च विभाजन, फैमिली मोड और खर्च विश्लेषण जैसी कई उपयोगी सुविधाएं भी मौजूद हैं. हाल ही में UPI ने अपने 10 साल पूरे किए हैं और ग्लोबल रियल टाइम ट्रांजैक्शन में इसकी हिस्सेदारी करीब 49 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो भारत की डिजिटल भुगतान प्रणाली की मजबूती को दर्शाता है.

यह भी पढ़े: IPO Boom India: FY26 में 153 आईपीओ से कंपनियों ने जुटाए 2.01 लाख करोड़ रुपए

More Articles Like This

Exit mobile version