EV Sales: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता का असर अब बिक्री के आंकड़ों में भी साफ दिखाई देने लगा है. सितंबर 2026 में देश के इलेक्ट्रिक वाहन बाजार ने नया रिकॉर्ड बनाया है. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस यानी FADA के बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में देशभर में 3,33,634 इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री हुई. यह सितंबर 2025 की तुलना में 74 फीसदी ज्यादा है.
इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री बढ़ने के साथ अलग-अलग वाहन श्रेणियों में इनकी कुल पैठ भी बढ़ी है. सितंबर 2026 में ईवी की कुल पैठ करीब 13 फीसदी रही, जबकि एक साल पहले सितंबर 2025 में यह आंकड़ा करीब 10 फीसदी था. यह बढ़ोतरी बताती है कि भारतीय ग्राहक अब इलेक्ट्रिक वाहनों को पहले के मुकाबले तेजी से अपना रहे हैं.
कमजोर बेस नहीं, बिक्री ने बनाया नया रिकॉर्ड
FADA के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि सितंबर में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में दर्ज हुई यह तेजी सिर्फ पिछले साल के कमजोर बेस की वजह से नहीं है. उनके मुताबिक, ईवी बिक्री ने वास्तविक रूप से नया सर्वकालिक रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन की मांग, इलेक्ट्रिक वाहनों की कम परिचालन लागत, बाजार में बढ़ते मॉडल विकल्प और पीएम ई-ड्राइव के साथ अलग-अलग राज्यों की प्रोत्साहन योजनाओं ने ईवी की मांग को बढ़ाने में भूमिका निभाई है.
साई गिरिधर के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वाहन अब सिर्फ वैकल्पिक विकल्प नहीं रह गए हैं. कई खरीदारों के लिए ये प्राथमिक विकल्प बनते जा रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन बाजार अब केवल सब्सिडी पर निर्भर नहीं है, बल्कि इसमें मांग के आधार पर विकास देखने को मिल रहा है.
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री सबसे तेज
सितंबर में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों यानी ई2डब्ल्यू की बिक्री में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली. इस महीने कुल 2,07,314 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री हुई. यह बिक्री सितंबर 2025 की तुलना में 88.67 फीसदी ज्यादा है. वहीं अगस्त 2026 के मुकाबले इसमें 13.16 फीसदी की मासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई. इस श्रेणी में इलेक्ट्रिक वाहनों की पैठ भी बढ़कर 11.6 फीसदी हो गई, जबकि एक साल पहले यह 8.2 फीसदी थी.
इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री ने भी बनाया रिकॉर्ड
इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री ने भी सितंबर में नया रिकॉर्ड बनाया. इस महीने 36,108 इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री हुई. सितंबर 2025 की तुलना में ईपीवी बिक्री में 94.56% की बढ़ोतरी हुई, जबकि अगस्त 2026 के मुकाबले यह 17.63% ज्यादा रही. इस श्रेणी में ईवी की पैठ बढ़कर 8.5% हो गई, जो एक साल पहले 5.7% थी.
तीनपहिया वाहनों में इलेक्ट्रिक की मजबूत पकड़
इलेक्ट्रिक तीनपहिया वाहनों यानी ई3डब्ल्यू की बिक्री सितंबर में 86,024 यूनिट रही. इसमें सालाना आधार पर 40% की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि अगस्त की तुलना में बिक्री 7.74% बढ़ी. इस श्रेणी में इलेक्ट्रिक वाहनों की पैठ पहले से ही काफी मजबूत है. सितंबर में तीनपहिया वाहनों की कुल बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 64.9 फीसदी रही.
इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों में 158% की सालाना बढ़ोतरी
इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों यानी ईसीवी की बिक्री भी सितंबर में तेजी से बढ़ी. इस श्रेणी में कुल 4,188 यूनिट की बिक्री दर्ज की गई. हालांकि अगस्त की तुलना में ईसीवी की बिक्री में कुछ कमी आई, लेकिन सितंबर 2025 के मुकाबले इसमें 158 फीसदी की बड़ी सालाना बढ़ोतरी हुई. इस श्रेणी में इलेक्ट्रिक वाहनों की पैठ भी बढ़कर करीब 4 फीसदी हो गई, जबकि पिछले साल सितंबर में यह 2.16 फीसदी थी.
यह भी पढ़े: कैसे हुआ नाना पाटेकर का निधन? क्या था कारण, 45 मिनट तक बचाने की हुई कोशिश

