Gold Silver Price Today: सोना और चांदी के दामों में इन दिनों तेज उतार-चढ़ाव बना हुआ है. अगर आप आज खरीदारी की योजना बना रहे हैं या गहने लेने का विचार कर रहे हैं, तो यह अपडेट आपके लिए अहम है. बीते दिन कीमतों में आई तेजी के बाद आज बाजार की दिशा बदल गई है और दोनों कीमती धातुओं के भाव में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा रही है.
सोने के दामों में नरमी
आज सुबह से सोने के दामों में नरमी देखने को मिल रही है. सुबह करीब 10:20 बजे 10 ग्राम सोना लगभग 1,58,075 रुपये के स्तर पर कारोबार करता नजर आया, जो पिछले दिन की तुलना में करीब 680 रुपये कम है.
कारोबार की शुरुआत के बाद अब तक सोने ने 1,57,701 रुपये का निचला स्तर छुआ, जबकि ऊपरी स्तर पर यह 1,58,173 रुपये तक पहुंचा. दिनभर के इस उतार-चढ़ाव ने निवेशकों और खरीदारों को असमंजस की स्थिति में डाल दिया है.
चांदी की चमक आज भी हुई कम
सिर्फ सोना ही नहीं, बल्कि चांदी की चमक भी आज काफी कम हुई है. चांदी के भाव में गिरावट सोने के मुकाबले ज्यादा गहरी नजर आ रही है. सुबह 10.23 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, 1 किलो चांदी की कीमत 2,60,000 रुपये के करीब चल रही है.
जानकारी के अनुसार, चांदी की कीमतों में आज करीब 3,018 रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है. कारोबार के दौरान चांदी ने 2,58,730 रुपये का निचला स्तर छुआ, जबकि ऊपरी स्तर पर यह 2,61,924 रुपये तक पहुंची. दिनभर के इस उतार-चढ़ाव ने बाजार में अस्थिरता का संकेत दिया है.
ग्राहकों के लिए क्या है संकेत?
शादियों के सीजन और निवेश के नजरिए से देखें तो सोने-चांदी की ये गिरती कीमतें मिडिल क्लास परिवारों के लिए थोड़ी राहत की खबर हो सकती हैं. हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि ग्लोबल मार्केट और डॉलर की स्थिति के कारण बाजार में यह अस्थिरता फिलहाल बनी रह सकती है.
यदि आप इन हालात में सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो बाजार में लगातार बदल रहे रेट्स पर करीबी नजर रखना जरूरी है. कीमतों में मामूली अंतर भी आपके सौदे को प्रभावित कर सकता है. ध्यान रखें कि अलग-अलग शहरों में टैक्स, जीएसटी और मेकिंग चार्ज के कारण स्थानीय बाजार में भाव कुछ भिन्न हो सकते हैं. सटीक और अपडेटेड रेट जानने के लिए अपने नजदीकी सर्राफा बाजार या विश्वसनीय ज्वेलर से जानकारी अवश्य लें.
यह भी पढ़े: क्विक-कॉमर्स सेक्टर में व्हाइट-कॉलर नौकरियों में 21% उछाल, डेटा और टेक रोल्स की मांग तेज: Foundit रिपोर्ट

