Gold Silver Price Today: वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच सोना एक बार फिर निवेशकों की पहली पसंद बनकर उभरा है. गुरुवार को घरेलू वायदा बाजार में सोने ने मजबूती दिखाई, जबकि चांदी शुरुआती बढ़त को बरकरार नहीं रख सकी और बाद में दबाव में आ गई. घरेलू बाजार से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक दोनों की चाल अलग-अलग देखने को मिली.
ऐसे में निवेशकों की नजर अब आने वाले कारोबारी सत्रों और वैश्विक संकेतों पर टिकी हुई है. सोने और चांदी के वायदा बाजार में आज कारोबार की शुरुआत तेजी के साथ हुई थी, लेकिन दिन बढ़ने के साथ तस्वीर बदलती नजर आई. जहां सोना अपनी बढ़त बनाए रखने में सफल रहा, वहीं चांदी में मुनाफावसूली और बिकवाली का दबाव देखने को मिला.
सोने में बनी रही मजबूती
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना 847 रुपये की तेजी के साथ 1,59,366 रुपये पर खुला. पिछले कारोबारी सत्र में इसका बंद भाव 1,58,519 रुपये था. कारोबार के दौरान हल्का उतार-चढ़ाव जरूर देखने को मिला, लेकिन सोना मजबूत स्थिति में बना रहा और 1,59,020 रुपये के आसपास कारोबार करता नजर आया.
दिन के दौरान सोने ने 1,59,366 रुपये का उच्च स्तर और 1,59,005 रुपये का निचला स्तर दर्ज किया. बाजार जानकारों के मुताबिक सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और वैश्विक आर्थिक चिंताओं के चलते सोने को लगातार समर्थन मिल रहा है. गौरतलब है कि इस साल सोना 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम का अपना सर्वोच्च स्तर भी छू चुका है, जो इसकी लंबी अवधि की मजबूती को दर्शाता है.
चांदी की चमक पड़ी फीकी
चांदी ने भी दिन की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ की थी. MCX पर जुलाई डिलीवरी वाला चांदी कॉन्ट्रैक्ट 188 रुपये की तेजी के साथ 2,63,146 रुपये पर खुला, जबकि पिछले सत्र में इसका बंद भाव 2,62,958 रुपये था. हालांकि, शुरुआती तेजी ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी. कुछ समय बाद बाजार में दबाव बढ़ा और चांदी करीब 120 रुपये की गिरावट के साथ 2,62,838 रुपये के आसपास कारोबार करने लगी.
दिन के दौरान इसका उच्च स्तर 2,63,711 रुपये और निचला स्तर 2,62,642 रुपये दर्ज किया गया. हालांकि, चांदी की लंबी अवधि की तस्वीर अब भी मजबूत बनी हुई है. इस साल यह 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम का स्तर पार कर चुकी है और 4,20,048 रुपये प्रति किलो का ऑल टाइम हाई भी बना चुकी है.
ग्लोबल मार्केट से मिले मिश्रित संकेत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी अलग-अलग दिशा में कारोबार करते नजर आए. कॉमेक्स (Comex) पर सोना 4,462.60 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर खुला और बाद में बढ़कर 4,492.30 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया. वहीं चांदी पर दबाव देखने को मिला और यह 73.59 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करती नजर आई.
वैश्विक बाजार में भी निवेशकों का रुझान फिलहाल सोने की ओर अधिक दिखाई दे रहा है. इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 5,586.20 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर को छू चुका है, जबकि चांदी 121.79 डॉलर प्रति औंस के ऐतिहासिक उच्च स्तर तक पहुंच चुकी है.
निवेशकों की नजरें आगे के रुख पर
कुल मिलाकर बाजार में फिलहाल अस्थिरता का माहौल बना हुआ है. सोना जहां मजबूती दिखा रहा है, वहीं चांदी में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. अब निवेशकों की नजर आने वाले कारोबारी सत्रों में वैश्विक संकेतों और डॉलर की चाल पर टिकी हुई है.
यह भी पढ़े: LPG Subsidy: 900 रुपये से ज्यादा कीमत वाला सिलेंडर सिर्फ 587 रुपये में, जानिए किसे मिल रहा लाभ