Maruti Suzuki Price Hike: अगर आप आने वाले दिनों में नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है. देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी गाड़ियों की कीमतों को लेकर बड़ा फैसला लिया है. कंपनी ने घोषणा की है कि जून 2026 से उसके सभी मॉडल महंगे होने वाले हैं. ऐसे में नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों को पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है.
कंपनी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मारुति सुजुकी अपनी गाड़ियों की कीमतों में अधिकतम 30,000 रुपए तक की बढ़ोतरी करने जा रही है. यह बढ़ोतरी कंपनी के सभी मॉडलों पर लागू होगी, हालांकि अलग-अलग मॉडलों के हिसाब से कीमतों में बदलाव अलग हो सकता है. स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कंपनी ने कहा कि लगातार बढ़ रही इनपुट लागत और परिचालन खर्चों के कारण यह कदम उठाना जरूरी हो गया है.
पिछले कई महीनों से कंपनी लागत बढ़ने के प्रभाव को कम करने के लिए विभिन्न उपाय कर रही थी, लेकिन बढ़ते आर्थिक दबाव के कारण अब कीमतों में आंशिक बढ़ोतरी करना अनिवार्य हो गया है.
क्यों बढ़ाई जा रही हैं कारों की कीमतें?
मारुति सुजुकी ने अपने बयान में बताया कि ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री इस समय कई चुनौतियों का सामना कर रही है. कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी, सप्लाई चेन पर दबाव, लॉजिस्टिक्स लागत में इजाफा और परिचालन खर्च बढ़ने से कंपनियों पर वित्तीय दबाव बढ़ा है. कंपनी ने कहा कि उसने पिछले कुछ महीनों में लागत कम करने के लिए कई कदम उठाए थे ताकि अतिरिक्त भार का कुछ हिस्सा खुद वहन किया जा सके. कंपनी का प्रयास था कि ग्राहकों पर इसका असर कम से कम पड़े, लेकिन लगातार बढ़ती लागत के कारण अब कीमतों में बदलाव करना आवश्यक हो गया है.
हर मॉडल पर अलग होगा असर
कंपनी ने साफ किया है कि कीमतों में बढ़ोतरी सभी गाड़ियों पर समान नहीं होगी. अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से बढ़ोतरी तय की जाएगी. यानी कुछ कारों की कीमतों में कम और कुछ में ज्यादा इजाफा हो सकता है.
दूसरी कंपनियां भी बढ़ा चुकी हैं कीमतें
मारुति सुजुकी अकेली कंपनी नहीं है जिसने कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला किया है. इससे पहले कई अन्य ऑटोमोबाइल कंपनियां भी बढ़ती लागत का हवाला देते हुए अपने वाहनों की कीमतें बढ़ा चुकी हैं. हाल ही में महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी अपने एसयूवी और कमर्शियल व्हीकल पोर्टफोलियो की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया था.
कंपनी ने कहा था कि इनपुट और ऑपरेटिंग लागत बढ़ने के कारण वाहनों की कीमतों में 2.5% तक का इजाफा किया जाएगा. ऐसे में अगर आप मारुति की नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो जून से पहले खरीदारी करना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है, क्योंकि उसके बाद आपको अपनी पसंदीदा कार के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.
यह भी पढ़े: 23% बढ़कर 23,467 करोड़ रुपए पहुंचा LIC का चौथी तिमाही का मुनाफा, 10 रुपए डिविडेंड का ऐलान

