Onion Price Today: प्याज की बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों के लिए केंद्र सरकार ने राहत देने की पहल शुरू कर दी है. बाजार में प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार अपने बफर स्टॉक से प्याज की रियायती बिक्री कर रही है. अब तक 17 शहरों में करीब 4,000 टन बफर प्याज बाजार में उतारा जा चुका है. वहीं, चुनिंदा शहरों में ग्राहकों को यह प्याज 35 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है.
सरकार का कहना है कि बफर स्टॉक से प्याज की आपूर्ति बढ़ाने का असर बाजार पर दिखने लगा है. आने वाले दिनों में नई खरीफ फसल की आवक शुरू होने के बाद प्याज की कीमतों में और राहत मिलने की उम्मीद है.
सरकार ने कितना प्याज स्टॉक कर रखा है?
केंद्र सरकार ने साल 2026 के लिए करीब 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक तैयार किया है. जरूरत के अनुसार इस स्टॉक को अलग-अलग राज्यों और प्रमुख शहरों में भेजा जा रहा है. सरकार की एजेंसियां NCCF और NAFED अपने बफर स्टॉक के जरिए बाजार में प्याज की आपूर्ति कर रही हैं, ताकि कीमतों पर नियंत्रण रखा जा सके और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके.
ट्रकों के साथ स्पेशल ट्रेन से भी भेजा जा रहा प्याज
उत्पादक राज्यों से प्याज को बड़े शहरों तक पहुंचाने के लिए सरकार ट्रकों के अलावा ‘कंडा एक्सप्रेस’ जैसी विशेष ट्रेन का भी इस्तेमाल कर रही है. दिल्ली और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में बड़ी मात्रा में प्याज पहुंचाया जा चुका है. अब सरकार की ओर से गुवाहाटी के लिए भी प्याज भेजने की तैयारी की जा रही है.
35 रुपये किलो में कहां मिल रहा है प्याज?
सरकार ने उन शहरों और क्षेत्रों में बफर स्टॉक से प्या ज की बिक्री पर जोर दिया है, जहां कीमतें अपेक्षाकृत ज्यादा बनी हुई थीं. इन चुनिंदा जगहों पर उपभोक्ताओं को 35 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है.NCCF के मुताबिक, अब तक करीब 1,500 टन प्याज खुदरा बिक्री के जरिए उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा चुका है.
इन राज्यों में हो रही बफर प्याज की बिक्री
- दिल्ली-एनसीआर
- तमिलनाडु
- उत्तर प्रदेश
- केरल
- राजस्थान
- पंजाब
- ओडिशा
दिल्ली से चेन्नई तक इतने रुपये किलो पहुंचा प्याज
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, रियायती बिक्री शुरू होने से पहले 28 अगस्त को प्याज का अखिल भारतीय औसत खुदरा भाव 48.50 रुपये प्रति किलो था. वहीं 5 सितंबर को यह करीब 50.79 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया. यानी इन आंकड़ों के मुताबिक इस अवधि में राष्ट्रीय औसत खुदरा कीमत में कमी के बजाय बढ़ोतरी देखने को मिली. हालांकि, सरकार का कहना है कि बफर स्टॉक से आपूर्ति बढ़ाने का असर बाजार में दिखाई देने लगा है और आगे नई खरीफ फसल की आवक बढ़ने पर कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद है.
5 सितंबर को अलग-अलग शहरों में प्याज के भाव इस तरह रहे:
- दिल्ली: 58 रुपये प्रति किलो
- मुंबई: 53 रुपये प्रति किलो
- चेन्नई: 63 रुपये प्रति किलो
- रांची: 40 रुपये प्रति किलो
- औसत थोक कीमत: 42.79 रुपये प्रति किलो
नई खरीफ फसल की आवक बढ़ने और सरकार की ओर से बफर स्टॉक की लगातार सप्लाई किए जाने से आने वाले दिनों में प्याज की कीमतों पर दबाव कम होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़े: कानपुर में हादसाः गिरा मकान, मलबे में दबकर पिता और तीन बेटियों की मौत