Patanjali Insurance: बाबा रामदेव की पतंजलि की बीमा सेक्टर में एंट्री, IRDAI ने 4,500 करोड़ रुपये की डील को दी मंजूरी

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Patanjali Insurance: योग गुरु बाबा रामदेव की अगुवाई वाली पतंजलि आयुर्वेद अब बीमा कारोबार में भी कदम रखने जा रही है. बीमा नियामक IRDAI (इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने पतंजलि आयुर्वेद और डीएस ग्रुप (धर्मपाल सत्यपाल ग्रुप) की ओर से मैग्मा जनरल इंश्योरेंस के अधिग्रहण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इस मंजूरी के साथ पतंजलि ने एफएमसीजी और आयुर्वेद के बाद अब वित्तीय सेवा क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की दिशा में बड़ा कदम उठा लिया है. करीब 4,500 करोड़ रुपये की यह डील मार्च 2026 में घोषित की गई थी. अब IRDAI ने 28 जुलाई 2026 को जारी अपने पत्र के जरिए इस अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है. यह मंजूरी जारी होने की तारीख से तीन महीने तक वैध रहेगी.

पतंजलि बनेगी मुख्य प्रमोटर

मंजूरी मिलने के बाद पतंजलि आयुर्वेद 73.56% हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी और कंपनी की मुख्य प्रमोटर बनेगी. वहीं डीएस ग्रुप 24.50% हिस्सेदारी खरीदेगा और सह-निवेशक के तौर पर इस सौदे का हिस्सा बनेगा. यह हिस्सेदारी अदार पूनावाला की स्वामित्व वाली सानोती प्रॉपर्टीज और अन्य शेयरधारकों जैसे सेलिका डेवलपर्स तथा जैगुआर एडवाइजरी से खरीदी जा रही है.

पतंजलि के लिए क्यों अहम है यह डील?

इस अधिग्रहण के साथ पतंजलि ने औपचारिक रूप से वित्तीय सेवा क्षेत्र में प्रवेश कर लिया है. कंपनी की योजना अपने मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के जरिए बीमा सेवाओं को देश के ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों तक पहुंचाने की है. पतंजलि के पास देशभर में 2 लाख से अधिक रिटेल काउंटर्स, राष्ट्रीय स्तर की रिटेल चेन और 250 से ज्यादा पतंजलि मेगा स्टोर्स का नेटवर्क मौजूद है. कंपनी इस व्यापक नेटवर्क का उपयोग बीमा उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के लिए करेगी.

मैग्मा जनरल इंश्योरेंस का कैसा रहा प्रदर्शन?

वित्त वर्ष 2025-26 में मैग्मा जनरल इंश्योरेंस का ग्रॉस रिटेन प्रीमियम बढ़कर 3,615 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. कंपनी ने वित्त वर्ष 2024 में 141 करोड़ रुपये के घाटे से उबरते हुए वित्त वर्ष 2025 में 1 करोड़ रुपये का ब्रेक-इवन लाभ दर्ज किया. वहीं वित्त वर्ष 2026 के पहले नौ महीनों में कंपनी 27 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाने में सफल रही. दिसंबर 2025 तक कंपनी का सॉल्वेंसी रेश्यो 1.81x रहा, जो नियामक द्वारा तय 1.50x की न्यूनतम सीमा से बेहतर है.

पतंजलि किन कारोबारों में सक्रिय है?

पतंजलि आयुर्वेद देश की प्रमुख एफएमसीजी और आयुर्वेदिक कंपनियों में शामिल है. कंपनी रोजमर्रा के उपयोग वाले कई उत्पादों का निर्माण और बिक्री करती है. इसके प्रमुख उत्पादों में गाय का घी, आटा, खाद्य तेल, मसाले, बिस्कुट, न्यूट्रिला, पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स और दिव्य फार्मेसी के तहत आयुर्वेदिक दवाएं एवं जड़ी-बूटियां शामिल हैं. बीमा कारोबार में प्रवेश के साथ अब पतंजलि अपने बिजनेस पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में भी नई शुरुआत करने जा रही है.

यह भी पढ़े: LPG Rate Today 30 July 2026: क्या महंगा होने वाला है गैस सिलेंडर? जानें आज के नए रेट

Latest News

AI से न्यूड फोटो बनाने पर बवाल, xAI ने बैन लगाने वाली सरकार पर ही ठोका मुकदमा

Elon Musk: किसी भी सिंपल सी फोटो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से उसे नकली न्यूड तस्वीर में...

More Articles Like This

Exit mobile version