Stock Market Opening: शेयर बाजार में जोरदार रिकवरी, सेंसेक्स 350 अंक चढ़ा; फार्मा और मेटल शेयरों में तेजी

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Stock Market Opening: भारतीय शेयर बाजार गुरुवार के कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ खुला. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में कारोबार करते नजर आए. लगातार गिरावट के बाद बाजार में आई इस तेजी से निवेशकों को कुछ राहत मिली. शुरुआती कारोबार में फार्मा, हेल्थकेयर और मेटल सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली. सुबह करीब 9:20 बजे बीएसई सेंसेक्स 354 अंक यानी 0.48% की मजबूती के साथ 74,963 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. वहीं निफ्टी 146 अंक यानी 0.66% की तेजी के साथ 23,554 के स्तर पर पहुंच गया.

फार्मा, हेल्थकेयर और मेटल शेयरों ने दिखाई मजबूती

शुरुआती कारोबार में बाजार की तेजी का नेतृत्व फार्मा, हेल्थकेयर और मेटल सेक्टर के शेयरों ने किया. निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी मेटल टॉप गेनर्स में शामिल रहे. इसके अलावा निफ्टी एनर्जी, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी पीएसई, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी ऑयल एंड गैस समेत लगभग सभी सेक्टर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे.

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी

लार्जकैप शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी देखने को मिली. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 395 अंक यानी 0.66% की बढ़त के साथ 60,560 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 89 अंक यानी 0.50% की मजबूती के साथ 18,083 अंक पर पहुंच गया. विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार में वैल्यू बाइंग और घरेलू निवेशकों की खरीदारी से मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों को भी सपोर्ट मिला है.

सेंसेक्स के इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा तेजी

सेंसेक्स पैक में अदाणी पोर्ट्स, ट्रेंट, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, सन फार्मा, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, आईटीसी, एलएंडटी, पावर ग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट, एमएंडएम, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, बीईएल, बजाज फाइनेंस, एचयूएल, कोटक महिंद्रा बैंक और मारुति सुजुकी जैसे शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे. वहीं दूसरी ओर एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टीसीएस और टेक महिंद्रा जैसे आईटी शेयरों में कमजोरी देखने को मिली और ये लाल निशान में कारोबार करते नजर आए.

एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत

ज्यादातर एशियाई बाजार भी मजबूती के साथ खुले. टोक्यो, हांगकांग, बैंकॉक और सोल के बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि शंघाई बाजार में हल्की गिरावट देखी गई. अमेरिकी बाजारों की बात करें तो बुधवार को डाओ जोन्स 0.14% की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था. वहीं नैस्डैक 1.20% की मजबूती के साथ बंद हुआ, जिससे टेक शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी.

विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी

विदेशी संस्थागत निवेशक यानी एफआईआई लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं. बुधवार को एफआईआई ने इक्विटी बाजार में 4,703.15 करोड़ रुपये की बिकवाली की. हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों यानी डीआईआई ने बाजार को सहारा दिया. डीआईआई ने बुधवार को भारतीय इक्विटी बाजार में 5,869.05 करोड़ रुपये का निवेश किया.

कच्चे तेल की कीमतों में जारी है तेजी

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है. डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.46% की बढ़त के साथ 101 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था. वहीं ब्रेंट क्रूड 0.37% की मजबूती के साथ करीब 106 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ था.

यह भी पढ़े: Mother Dairy Milk Price: मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, जानिए आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर

Latest News

IRCTC Tour Package: काशी से जगन्नाथ पुरी तक 11 दिन की दिव्य यात्रा, जानिए किराया, रूट और पूरी डिटेल

अगर आप एक ही यात्रा में काशी विश्वनाथ, जगन्नाथ पुरी, गंगासागर, कोणार्क सूर्य मंदिर और बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन करना चाहते हैं, तो IRCTC का यह 11 दिन और 10 रात का टूर पैकेज शानदार मौका हो सकता है.

More Articles Like This

Exit mobile version