USISPF ने India-US अंतरिम ट्रेड डील का किया स्वागत, 25% अतिरिक्त टैरिफ हटाने पर जताई खुशी

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी फोरम (USISPF) ने भारत और अमेरिका के बीच बनी अंतरिम व्यापार साझेदारी का स्वागत किया है. फोरम ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा हस्ताक्षरित उस एग्जीक्यूटिव ऑर्डर की भी सराहना की है, जिसके तहत 7 फरवरी 2026 से भारतीय उत्पादों के आयात पर लगाए गए अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क को समाप्त किया जाएगा. यूएसआईएसपीएफ ने अपने बयान में कहा कि वह अमेरिका और भारत द्वारा जारी संयुक्त वक्तव्य का भी स्वागत करता है, जिसमें आपसी और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार के लिए एक अंतरिम समझौते के फ्रेमवर्क की घोषणा की गई है.

BTA की दिशा में अहम कदम

यूएसआईएसपीएफ के अनुसार, यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच एक बड़े अमेरिका-भारत द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) की दिशा में बातचीत को आगे बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है. संगठन ने कहा कि अंतरिम समझौता एक अहम मील का पत्थर है, जो दोनों पक्षों के संतुलित और ठोस नतीजे देने के स्पष्ट राजनीतिक इरादे का संकेत देता है, जिससे द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी को और मजबूती मिलेगी. बयान में यह भी कहा गया है कि इस फ्रेमवर्क में मार्केट एक्सेस बढ़ाने, टैरिफ कम करने और लंबे समय से चली आ रही नॉन-टैरिफ बाधाओं को दूर करने के लिए ठोस कदम सुझाए गए हैं.

अहम सेक्टरों में सहयोग होगा और मजबूत

इसके साथ ही औद्योगिक उत्पादों, कृषि, ऊर्जा, एयरोस्पेस, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्नोलॉजी और डिजिटल ट्रेड जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनी है. यूएसआईएसपीएफ ने कहा कि नियामकीय पारदर्शिता बढ़ाने, मानकों और कन्फॉर्मिटी असेसमेंट प्रक्रियाओं को एक समान बनाने और सप्लाई चेन को मजबूत करने से जुड़ी प्रतिबद्धताएं एक व्यावहारिक और दूरदर्शी व्यापार नीति को दर्शाती हैं. ये सभी पहल मिलकर दोनों बाजारों में काम कर रहे व्यवसायों के लिए निरंतर आर्थिक सहयोग की मजबूत नींव तैयार करेंगी.

बिजनेस के लिए स्पष्टता और भरोसे का संकेत

यूएसआईएसपीएफ ने इन घोषणाओं को एक रणनीतिक और आर्थिक साझेदार के रूप में भारत की भूमिका पर बढ़ते भरोसे का सशक्त और समयानुकूल संकेत बताया है. संगठन के मुताबिक, इससे भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड कॉरिडोर में सक्रिय कारोबारियों को तुरंत स्पष्टता और राहत मिलेगी. यूएसआईएसपीएफ ने कहा कि जैसे-जैसे यह प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और नए अवसर सामने आएंगे, वह सरकार और उद्योग जगत के बीच निरंतर संवाद और सहयोग को समर्थन देता रहेगा.

यह भी पढ़े: PAK-बांग्लादेश में अपने संगठन के विस्तार में जुटा ‘हमास’, भारत पर आतंकी हमले की रच रहा साजिश..!

More Articles Like This

Exit mobile version