बिहार में नौकरियों की बहार! सम्राट सरकार ने आधी रात पुलिस भर्ती का जारी किया नोटिफिकेशन

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Bihar Police Vacancy 2026: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने बिहार पुलिस में बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है. गृह विभाग की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक बिहार पुलिस में कुल 48,447 नए पदों के सृजन को मंजूरी दे दी गई है. इस मेगा भर्ती अभियान में सबसे ज्यादा चर्चा सब-इंस्पेक्टर यानी SI के 20,937 पदों को लेकर हो रही है. सरकार का कहना है कि राज्य में बढ़ती आबादी और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस बल का विस्तार जरूरी हो गया था. इसी को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा फैसला लिया गया है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बिहार पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से विस्तृत विज्ञापन और परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया जा सकता है.

SI के 20,937 पदों पर लागू होगा 50-50 फॉर्मूला

गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार पुलिस अवर निरीक्षक यानी SI के कुल 20,937 पद भरे जाएंगे. इन पदों के लिए सरकार ने 50-50 फॉर्मूला लागू किया है. इसके तहत 10,468 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी, यानी युवा उम्मीदवार सीधे परीक्षा देकर नौकरी हासिल कर सकेंगे. वहीं 10,469 पद विभाग में पहले से कार्यरत ASI कर्मियों को प्रमोशन देकर भरे जाएंगे. सरकार के इस फैसले को युवाओं और विभागीय कर्मियों दोनों के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है.

ERSS प्रोजेक्ट के तहत भी होगी बड़ी भर्ती

बिहार सरकार ने इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम यानी Dial 112 परियोजना के दूसरे चरण को भी मंजूरी दे दी है. इसके तहत 19,288 नए पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है. इस परियोजना में सबसे ज्यादा 9,992 पद सिपाहियों के होंगे. इसके अलावा 2,943 हवलदार, 2,353 चालक सिपाही और 694 चालक हवलदार के पद शामिल हैं. वहीं पुलिस अवर निरीक्षक यानी SI के 1,829 पद, ASI के 1,218 पद और पुलिस निरीक्षक यानी इंस्पेक्टर के 259 पद भी सृजित किए गए हैं.

48,447 पदों का पूरा गणित

नीतिश-सम्राट सरकार की मंजूरी के बाद जारी इस नोटिफिकेशन में कुल 48,447 पदों को स्वीकृति दी गई है. इसमें अलग-अलग श्रेणियों के पद शामिल हैं. 22,010 पद सिपाही और समकक्ष श्रेणी के होंगे. वहीं 20,937 पद SI और समकक्ष स्तर के लिए स्वीकृत किए गए हैं. इसके अलावा 5,500 पद चालक सिपाही और समकक्ष श्रेणी के होंगे. सरकार का दावा है कि इस भर्ती से बिहार पुलिस बल को और ज्यादा मजबूत और आधुनिक बनाया जाएगा.

जल्द जारी हो सकता है भर्ती कैलेंडर

सरकार के इस मेगा भर्ती प्लान के बाद बिहार में प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं का इंतजार अब खत्म होने वाला है. सूत्रों की मानें तो गृह विभाग और बिहार पुलिस भर्ती बोर्ड जल्द ही इसका विस्तृत विज्ञापन और परीक्षा कैलेंडर जारी कर सकता है. सरकार का दावा है कि इस ऐतिहासिक कदम से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि बिहार पुलिस बल पहले से कहीं ज्यादा हाई-टेक और मजबूत होकर उभरेगा.

यह भी पढ़े: महंगाई का चौतरफा अटैक: पिछले 48 घंटे में सोने से CNG तक, जानिए क्या-क्या हुआ महंगा?

More Articles Like This

Exit mobile version