UPSSSC Vacancy: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए नौकरी पाने का एक बड़ा मौका सामने आया है. अगर आपने UPSSSC PET 2025 दिया है और सरकारी विभाग में नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो यह भर्ती आपके लिए खास हो सकती है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने पशुपालन विभाग में पशुधन प्रसार अधिकारी के 1,251 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. खास बात यह है कि इस भर्ती में आवेदन के लिए सिर्फ 25 रुपये शुल्क देना होगा और चयनित उम्मीदवारों को पे-मैट्रिक्स लेवल 5 के तहत 29,200 रुपये से 92,300 रुपये तक वेतन मिलेगा.
आवेदन प्रक्रिया सितंबर में शुरू होने वाली है, लेकिन फॉर्म भरने से पहले उम्मीदवारों के लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि कौन आवेदन कर सकता है, शैक्षणिक योग्यता क्या रखी गई है, उम्र सीमा कितनी है और परीक्षा में कितने सवाल पूछे जाएंगे. भर्ती से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां यहां जानिए.
कब से कर सकेंगे आवेदन?
UPSSSC द्वारा जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक, इस भर्ती का विज्ञापन 10 अगस्त 2026 को जारी किया गया था. इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू होगी. उम्मीदवार 29 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. अगर आवेदन फॉर्म में किसी तरह की गलती हो जाती है, तो उम्मीदवार 6 अक्टूबर 2026 तक उसमें जरूरी संशोधन कर पाएंगे.
कितने पदों पर होगी भर्ती?
इस भर्ती अभियान के जरिए पशुपालन विभाग में कुल 1,251 पशुधन प्रसार अधिकारी के पद भरे जाएंगे. इनमें 1,248 पद सामान्य चयन के हैं, जबकि 3 पद विशेष चयन के तहत रखे गए हैं. पदों में अनारक्षित वर्ग के 500, एससी के 254, एसटी के 25, ओबीसी के 345 और ईडब्ल्यूएस के 144 पद शामिल हैं.
कितनी मिलेगी सैलरी?
पशुधन प्रसार अधिकारी के पद पर चयनित उम्मीदवारों को पे-मैट्रिक्स लेवल 5 के तहत वेतन मिलेगा. इस पद पर न्यूनतम वेतन 29,200 रुपये प्रति माह और अधिकतम वेतन 92,300 रुपये प्रति माह तक निर्धारित है.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने UPSSSC PET 2025 की परीक्षा दी है और उनके पास वैलिड स्कोरकार्ड है. शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से बायोलॉजी ग्रुप के साथ 12वीं कक्षा पास होना जरूरी है. इसके साथ ही किसी विश्वविद्यालय या महाविद्यालय से दो साल का पशुधन प्रसार डिप्लोमा होना भी अनिवार्य है. उम्मीदवार को देवनागरी लिपि में हिंदी का व्यावहारिक ज्ञान भी होना चाहिए.
कितनी होनी चाहिए उम्र?
उम्मीदवार की आयु 1 जुलाई के आधार पर 21 वर्ष से कम और 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए. हालांकि, आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा.
सिर्फ 25 रुपये है आवेदन शुल्क
इस भर्ती में आवेदन करने वाले सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों को सिर्फ 25 रुपये का ऑनलाइन शुल्क देना होगा. मुख्य परीक्षा के लिए चुने गए अभ्यर्थियों से बाद में कोई अतिरिक्त परीक्षा फीस नहीं ली जाएगी.
कैसी होगी परीक्षा?
भर्ती परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. इन्हें हल करने के लिए उम्मीदवारों को 2 घंटे का समय मिलेगा. परीक्षा में गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी. इसलिए उम्मीदवारों को प्रश्नों का उत्तर देते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी. कुल मिलाकर, UPSSSC की यह भर्ती PET 2025 में शामिल हो चुके उन युवाओं के लिए अच्छा अवसर है, जो उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी हासिल करना चाहते हैं. 1,251 पदों के साथ कम आवेदन शुल्क और लेवल 5 का वेतनमान इस भर्ती को और महत्वपूर्ण बनाता है. इच्छुक उम्मीदवार आवेदन शुरू होने के बाद निर्धारित तारीखों के भीतर अपना फॉर्म भर सकते हैं.
यह भी पढ़े: ‘लौटेंगी तो उन्हें दी जाएगी पूरी सुरक्षा…’, शेख हसीना की वतन वापसी पर बोला बांग्लादेश