Kathua Encounter: तीसरे दिन भी कठुआ में मुठभेड़ जारी, दो आतंकियों के शव और हथियार बरामद

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Jammu-Kashmir Encounter: तीसरे दिन भी जम्मू-कश्मीर कठुआ में आतंकियों से सुरक्षाबलों की मुठभेड़ जारी है. शनिवार की सुबह दो आतंकियों के शव और हथियार बरामद हुए. मालूम हो कि गुरुवार को कठुआ में आतंकियों से मुठभेड़ शुरू हुई, जो तीसरे दिन शनिवार को भी जारी है.

यह मुठभेड़ अब उस स्थल पर नहीं, बल्कि कुछ दूरी पर गुढ़ा में आतंकवादियों को देखे जाने पर नए स्थान पर शुरू हो गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुफैन में पांच आतंकवादी वहां देखे गए थे, उनमें से दो मार दिए गए हैं और तीन वहां से भागने में सफल होकर गुड़ा पहुंच गए हैं.

वहीं, जिला कठुआ में आतंकियों के साथ मुठभेड़ और आने वाले दिनों में नवरात्र व ईद के चलते जम्मू पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है. एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को औचक नाके लगाकर संदिग्ध लोगों की धरपकड़ करने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा जम्मू-श्रीनगर, जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी सुरक्षा का कड़ा पहरा है.

डीजीपी ने दी जानकारी

डीजीपी नलिन प्रभात ने पुष्टि की कि यह आतंकवादियों का वही समूह था, जिसे 23 मार्च की शाम को हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सानियाल गांव में रोका गया था, लेकिन वे भागने में कामयाब रहे. उन्होंने कहा कि सभी आतंकवादी समूहों से उचित तरीके से निपटा जाएगा. शुक्रवार की देर शाम कठुआ में पुष्पांजलि समारोह के बाद पत्रकारों से बात करते हुए डीजीपी ने कहा कि उनके नुकसान की भरपाई शब्दों से नहीं, बल्कि कामों से की जाएगी.

हम न सोएंगे, न ही आराम करेंगे- DGP

डीजीपी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस का न तो इरादा कमजोर हुआ है और न ही हमारा लक्ष्य हमसे दूर है. हमारा लक्ष्य स्पष्ट है और इसलिए इरादा भी. जुनून की कोई कमी नहीं है, क्योंकि जम्मू-कश्मीर पुलिस देश की एकमात्र पुलिस है, जो अपनी बहादुरी और बलिदान से अपना इतिहास सुनहरे शब्दों में लिख रही है. जब तक हमारे नापाक पड़ोसी (पाकिस्तान) और उसके (आतंकवादी) संगठनों से उचित तरीके से निपटा नहीं जाता, तब तक हम न सोएंगे और न ही आराम करेंगे. यह युद्ध जारी है और जारी रहेगा.

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि शुरुआती मुठभेड़ में दो पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए, लेकिन जब पुलिस दल पहाड़ी पर चढ़ रहा था, तो आतंकवादियों ने अपनी मजबूत स्थिति का फायदा उठाते हुए चार जवानों को मार डाला. पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूह जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के छद्म संगठन पीपुल्स एंटी-फासीस्ट फ्रंट ने मुठभेड़ में शामिल होने का दावा किया है.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version