मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर में आज तड़के गोलियां की तड़तड़ाई. पुलिस और बदमाश के बीच बीच मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में पुलिस ने इनामी बदमाश को मार गिराया, जबकि एक एसआई और सिपाही घायल हो गए. दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
इस रूप में हुई बदमाश की पहचान
मिली जानकारी अनुसार, गुरुवार तड़के थाना बुढाना, तितावी और शाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाश के साथ हुई मुठभेड़ हो गई. पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई में की गई फायरिंग में एक बदमाश को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया. बदमाश की पहचान अमजद पुत्र जिलेदीन निवासी ग्राम हरसौली थाना शाहपुर के रूप में हुई. पुलिस घायल बदमाश को तत्काल सीएचसी बुढाना ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मुठभेड़ में उपनिरीक्षक और कांस्टेबल घायल
इस मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली से उपनिरीक्षक संदीप कुमार और कांस्टेबल इशफाक भी घायल हुए हैं. दोनों का उपचार अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
कार्बाइन, पिस्टल बाइक और लूट का माल बरामद
पुलिस ने बताया कि कुख्यात बदमाश अमजद पर 50 हजार का इनाम था. उसके खिलाफ कई राज्यों में 40 से ज्यादा मुकदमें दर्ज थे. यूपी, दिल्ली, उत्तराखंड सहित कई राज्यों में अमजद के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज थे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अमजद अंतर्राज्यीय स्तर का शातिर अपराधी था और उसके विरुद्ध हत्या, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न संगीन धाराओं में लगभग 40 मुकदमे दर्ज थे. उसकी गिरफ्तारी पर सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था. बदमाश के पास से एक कार्बाइन, पिस्टल बाइक और लूट का माल बरामद किया गया है. शव को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हैं.