Eye Care Tips: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित खान-पान और बढ़ता स्क्रीन टाइम लोगों की आंखों की सेहत पर बुरा असर डाल रहा है. मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर और टीवी स्क्रीन के सामने घंटों बिताने की वजह से आंखों में थकान, सूखापन, जलन, धुंधलापन और कमजोर दृष्टि जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं. ऐसे में आंखों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए सही पोषण बेहद जरूरी हो जाता है.
नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के अनुसार, विटामिन A से भरपूर आहार आंखों की सेहत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. यह विटामिन आंखों की रोशनी को लंबे समय तक बनाए रखने, रेटिना को बेहतर तरीके से काम करने और रात में देखने की क्षमता को मजबूत बनाने में मदद करता है. साथ ही यह आंखों को संक्रमण से बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
विशेषज्ञों का कहना है कि बेहतर दृष्टि के लिए बेहतर पोषण जरूरी है. यदि रोजाना सही आहार लिया जाए तो आंखों से जुड़ी कई समस्याओं से बचा जा सकता है.
गाजर: आंखों की रोशनी के लिए सबसे फायदेमंद
गाजर को विटामिन A का सबसे अच्छा और लोकप्रिय स्रोत माना जाता है. इसमें मौजूद बीटा-कैरोटीन शरीर में जाकर विटामिन A में बदल जाता है. रोजाना गाजर का जूस पीने या सलाद में गाजर शामिल करने से आंखों की रोशनी को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है. यह आंखों की मांसपेशियों को मजबूत करने के साथ-साथ दृष्टि क्षमता को भी बेहतर बनाता है.
हरी पत्तेदार सब्जियां भी हैं जरूरी
पालक, मेथी, सरसों, ब्रोकली और अन्य हरी पत्तेदार सब्जियां विटामिन A और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं. इनका नियमित सेवन आंखों को स्वस्थ रखने के साथ-साथ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत बनाता है. हरी सब्जियां आंखों को उम्र से जुड़ी समस्याओं से बचाने में भी मददगार मानी जाती हैं.
आम: स्वाद के साथ सेहत का भी खजाना
गर्मियों में मिलने वाला आम सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी माना जाता है. आम में भरपूर मात्रा में विटामिन A पाया जाता है, जो आंखों की रोशनी को बनाए रखने में मदद करता है. विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम के दौरान सीमित मात्रा में आम का सेवन आंखों के लिए फायदेमंद हो सकता है.
दूध और डेयरी उत्पादों का करें सेवन
दूध, दही, छाछ और पनीर जैसे डेयरी उत्पाद भी विटामिन A के अच्छे स्रोत हैं. इनका नियमित सेवन आंखों की सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है. साथ ही ये शरीर को कैल्शियम और अन्य जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करते हैं.
स्क्रीन टाइम कम करना भी है जरूरी
विशेषज्ञों का कहना है कि केवल अच्छा खान-पान ही नहीं बल्कि आंखों की सही देखभाल भी जरूरी है. इसके लिए 20-20-20 नियम अपनाने की सलाह दी जाती है. यानी हर 20 मिनट स्क्रीन देखने के बाद 20 सेकंड के लिए 20 फीट दूर किसी वस्तु को देखें. इससे आंखों पर पड़ने वाला तनाव कम होता है. इसके अलावा मोबाइल, लैपटॉप और टीवी का इस्तेमाल सीमित करना, पर्याप्त नींद लेना और समय-समय पर आंखों की जांच कराना भी जरूरी है.
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी रखें ध्यान
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी लोगों को विटामिन A युक्त खाद्य पदार्थों को अपनी डाइट का हिस्सा बनाना चाहिए. आंखों की छोटी-छोटी लापरवाही भविष्य में बड़ी समस्या का कारण बन सकती है. स्वस्थ आंखें न केवल बेहतर दृष्टि देती हैं, बल्कि जीवन की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाती हैं. इसलिए अपनी थाली में पोषण से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करें और आंखों की सेहत का विशेष ध्यान रखें.
यह भी पढ़े: Onion Benefits In Summer: शरीर को ठंडा रखने से लेकर इम्यूनिटी बढ़ाने तक, जानिए कच्चे प्याज के फायदे

