AC And Heatwave Health Risks: भीषण गर्मी के बीच एयर कंडीशनर अब सिर्फ आराम की चीज नहीं बल्कि लोगों की जरूरत बन चुका है. घर, ऑफिस, मॉल या कार, लोग दिन का बड़ा हिस्सा एसी वाली जगहों में बिता रहे हैं. लेकिन क्या आपने कभी महसूस किया है कि लंबे समय तक एसी में रहने के बाद जैसे ही आप बाहर तेज धूप और गर्म हवा में निकलते हैं, अचानक सिर भारी लगने लगता है, गला सूखने लगता है या शरीर में अजीब सी थकान महसूस होती है? अगर हां, तो इसे नजरअंदाज करने की जरूरत नहीं है.
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, लगातार एसी में रहने और फिर अचानक बहुत गर्म वातावरण में आने से शरीर पर असर पड़ सकता है. यही वजह है कि इन दिनों कई लोग गले में खराश, सूखी खांसी, सिरदर्द, चक्कर, कमजोरी और थकान जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं.
आखिर शरीर पर क्यों पड़ता है इसका असर?
रिपोर्ट्स के अनुसार, कई लोग इन लक्षणों को सामान्य वायरल संक्रमण या समर कोल्ड समझ लेते हैं, लेकिन कई मामलों में इसकी असली वजह बदलती इनडोर एयर क्वालिटी और हवा में नमी की कमी हो सकती है. विशेषज्ञों के मुताबिक, एयर कंडीशनर कमरे की गर्मी के साथ-साथ हवा की नमी को भी कम कर देता है. इससे कमरे की हवा काफी शुष्क यानी ड्राई हो जाती है. इस ड्राई हवा का सीधा असर गले, नाक और श्वसन तंत्र पर पड़ सकता है.
जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक एसी में रहने के बाद अचानक बाहर निकलता है, तो उसके शरीर को बहुत ज्यादा तापमान अंतर का सामना करना पड़ता है. शरीर को अचानक ठंडे वातावरण से बहुत गर्म वातावरण में खुद को एडजस्ट करना पड़ता है और यही बदलाव कई बार परेशानी की वजह बन जाता है.
किन लोगों के लिए ज्यादा बढ़ सकती है परेशानी?
डॉक्टरों के अनुसार, जिन लोगों को पहले से अस्थमा, एलर्जी या सांस से जुड़ी समस्याएं हैं, उनके लिए यह स्थिति ज्यादा मुश्किल पैदा कर सकती है. अचानक तापमान बदलने की वजह से शरीर को संतुलन बनाने में समय लगता है. इस दौरान कुछ लोगों में ये समस्याएं दिखाई दे सकती हैं:
- गले में खराश
- सूखी खांसी
- सिरदर्द
- चक्कर आना
- कमजोरी और थकान
- डिहाइड्रेशन
- हीट एक्सॉशन जैसी परेशानी
इन बातों का रखें खास ध्यान
हेल्थ एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि एसी से निकलते ही तुरंत तेज धूप में नहीं जाना चाहिए. यदि संभव हो तो कुछ मिनट सामान्य तापमान वाली जगह पर रुकें ताकि शरीर धीरे-धीरे बाहरी मौसम के अनुसार खुद को तैयार कर सके. इसके अलावा शरीर को हाइड्रेट रखना भी बहुत जरूरी माना जाता है. एसी में लंबे समय तक रहने से शरीर और त्वचा दोनों में ड्राईनेस बढ़ सकती है और कई लोगों को इसका पता भी नहीं चलता.
गर्मियों में अपनाएं ये आसान टिप्स
- दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें
- नारियल पानी, नींबू पानी और छाछ का सेवन करें
- ताजे फलों का जूस लें
- कॉटन के हल्के और ढीले कपड़े पहनें
- बाहर निकलते समय टोपी, स्कार्फ या छाते का इस्तेमाल करें
- धूप से आने के तुरंत बाद बहुत ठंडा पानी पीने से बचें
छोटी-सी लापरवाही गर्मियों में शरीर पर बड़ा असर डाल सकती है. इसलिए एसी और बाहर के तापमान के बीच संतुलन बनाकर रखना जरूरी है ताकि शरीर स्वस्थ और सुरक्षित रह सके.
Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी और हेल्थ एक्सपर्ट्स की राय पर आधारित है. इसमें दी गई जानकारी किसी चिकित्सीय सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं है. यदि आपको लगातार सिरदर्द, चक्कर, सांस लेने में परेशानी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो रही है, तो डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
यह भी पढ़े: Door Vastu Tips: क्या आप भी दरवाजे के पीछे टांगते हैं कपड़े? बढ़ सकती हैं आर्थिक और मानसिक परेशानियां

