CJP X Account Ban: सोशल मीडिया पर छाई Cockroach Janta Party को बड़ा झटका, भारत में ब्लॉक हुआ X अकाउंट

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

CJP X Account Ban: पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक नाम लगातार सुर्खियों में बना हुआ था – Cockroach Janta Party (CJP). शुरुआत में इसे लोगों ने महज एक मजाक या इंटरनेट ट्रेंड समझा, लेकिन देखते ही देखते यह एक बड़े सोशल मीडिया फिनॉमेनन में बदल गई. लाखों युवा इससे जुड़ने लगे, मीम्स बनने लगे और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेजी से बढ़ने लगी. महज कुछ दिनों के भीतर इस वर्चुअल राजनीतिक पार्टी ने ऐसी लोकप्रियता हासिल कर ली कि कई बड़े राजनीतिक दलों की सोशल मीडिया मौजूदगी से इसकी तुलना होने लगी.

लेकिन अब इस तेजी से बढ़ती लोकप्रियता के बीच CJP को बड़ा झटका लगा है. जानकारी के मुताबिक Cockroach Janta Party का X (पहले Twitter) अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई भारत के स्थानीय नियमों, किसी कानूनी शिकायत या अदालत के आदेश के आधार पर की गई है. इस पूरे मामले की जानकारी पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए साझा की है.

6 दिनों में बनाई करोड़ों की डिजिटल फौज

CJP की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज 6 दिनों के भीतर इसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 1.26 करोड़ के पार पहुंच गए. इतनी तेज रफ्तार से फॉलोअर्स बढ़ना सोशल मीडिया पर अपने आप में बड़ी बात माना जा रहा है. तुलना के तौर पर देखें तो देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टियों में शामिल बीजेपी के इंस्टाग्राम पर लगभग 87 लाख फॉलोअर्स हैं, जबकि कांग्रेस के करीब 1.33 करोड़ फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं. यानी कुछ ही दिनों में CJP ने सोशल मीडिया पर बीजेपी को पीछे छोड़ दिया और कांग्रेस के करीब पहुंच गई. वहीं X अकाउंट ब्लॉक होने से पहले दोपहर तक इसके लगभग 1 लाख 93 हजार फॉलोअर्स हो चुके थे.

कैसे हुई Cockroach Janta Party की शुरुआत?

इस पूरी कहानी की शुरुआत 15 मई को हुई थी. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत ने एक मामले की सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं की तुलना कथित तौर पर ‘कॉकरोच’ से कर दी थी. हालांकि अगले ही दिन CJI ने साफ किया कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है.

लेकिन तब तक सोशल मीडिया की ‘Gen Z’ और युवा जनता एक्टिव हो चुकी थी. इसके फाउंडर अभिजीत दीपके जो अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशन की पढ़ाई कर रहे हैं और पहले AAP की सोशल मीडिया टीम में भी रह चुके हैं, उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट डाली. उन्होंने पूछा कि ‘अगर सारे कॉकरोच एक साथ आ जाएं तो क्या होगा?’ बस, युवाओं के शानदार रिस्पॉन्स आए और मजाक-मजाक में जन्म हो गया ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का. पार्टी का मोटो रखा गया- ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी.’

सदस्य बनने के लिए रखी गईं 4 मजेदार शर्तें

इस पार्टी की एक और खास बात इसका अलग अंदाज रहा. पार्टी ने सदस्यता लेने के लिए युवाओं के सामने चार अनोखी शर्तें रखीं:

  • आपका बेरोजगार होना जरूरी है.
  • आप बेहद आलसी होने चाहिए.
  • आपको ऑनलाइन रहने की गंभीर लत हो.
  • सोशल मीडिया पर प्रोफेशनली अपनी भड़ास निकालने का हुनर होना चाहिए.

यही वजह रही कि यह पार्टी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होती चली गई.

पार्टी के मैनिफेस्टो ने भी बटोरी चर्चा

भले ही यह पार्टी सोशल मीडिया पर युवाओं की नाराजगी और व्यंग्य दिखाने के लिए बनाई गई हो, लेकिन इसका मैनिफेस्टो भी खूब चर्चा में रहा.

पार्टी ने अपने कुछ बड़े वादे भी सामने रखे:

  • रिटायरमेंट के बाद किसी भी चीफ जस्टिस को राज्यसभा का टिकट या कोई सरकारी रिवॉर्ड नहीं मिलेगा.
  • अगर किसी का सही वोट वोटर लिस्ट से डिलीट हुआ, तो मुख्य चुनाव आयुक्त को सीधे UAPA के तहत जेल भेजा जाएगा.
  • महिलाओं के लिए संसद और कैबिनेट में सीधे 50% आरक्षण होगा, सीटों की संख्या बढ़ाए बिना.
  • बड़े कॉर्पोरेट घरानों के मीडिया घरानों के लाइसेंस रद्द होंगे ताकि स्वतंत्र पत्रकारिता हो सके और बड़े एंकरों के बैंक खातों की जांच होगी.
  • पाला बदलने वाले दलबदलू नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने और कोई भी सरकारी पद लेने पर पूरी तरह पाबंदी होगी.

फिलहाल CJP के X अकाउंट पर कार्रवाई ने सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू कर दी है. एक तरफ इसके समर्थक इसे अभिव्यक्ति से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई लोग इसे एक इंटरनेट ट्रेंड और राजनीतिक व्यंग्य का हिस्सा मान रहे हैं.

यह भी पढ़े: पाकिस्तान में अल बद्र के टॉप कमांडर बुरहान हमजा की गोली मारकर हत्या!

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version