‘जय श्री राम बोलने पर गोली चलवाने वाले हमें आस्था बताएंगे’, राम मंदिर दान चोरी पर CM योगी का विपक्ष पर हमला

Deoria: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवरिया में 456.38 करोड़ रुपये की 106 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. इनमें 25 परियोजनाओं का लोकार्पण और 81 का शिलान्यास शामिल है. इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए राम मंदिर दान चोरी पर भी बात की. उन्होंने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट आते ही हमने कार्रवाई शुरू कर दी. हम दूध का दूध, पानी का पानी करेंगे. जनआस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे. किसी को कोई छूट नहीं दी जाएगी.

जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम करेंगे

सीएम योगी ने कहा कि जनआस्था के साथ जो खिलवाड़ करेगा, उसके साथ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम करेंगे. आज मोहर्रम है कही किसी का अता पता नहीं है. कोई शस्त्र नहीं निकल रहा है. उत्सव के माहौल में कोई उपद्रव नहीं कर सकता. अगर करेगा तो सात पीढ़ियों तक भुगतेगा. SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर हुई पहली FIR पर उन्होंने कहा कि अयोध्या हम सबके आस्था का प्रतीक है. अयोध्या पर आक्षेप मत करो.

एसआईटी की रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी

श्रीराम की मर्यादा का पालन करना सीखो. मैंने कहा था कि एसआईटी की रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी. एसआइटी रिपोर्ट आते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई. जो लोग आज आक्षेप कर रहे हैं उनकी मंशा अच्छी नहीं है. ये वो लोग हैं जो लोग भगवान राम को नकार चुके थे. कहते थे कि राम हुए ही नही! ये लोग अयोध्या को नकारते रहे. वहीं, दूसरा पक्ष वो है जो जय श्री राम पर लाठी गोली चलाते थे, तुम बताओगे हमें आस्था!

कावड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाते थे

सीएम योगी ने आगे कहा कि रामनवमी पर दंगा करवाते थे. कावड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाते थे. कांग्रेस ने देश को लूटा ही नहीं था, बल्कि नोंचा था. सरकार ने पहले दिन कहा था कि दूध का दूध पानी का पानी होगा. मैं फिर कहता हूं कि रामभक्तों की अग्निपरीक्षा मत लो. उनकी आस्था के साथ खिलवाड़ मत करो, प्रमाण है तो एसआईटी को सबूत पेश करो. उन्होंने कहा कि सपा को कौन नहीं जानता. जब इनकी सरकार थी तो क्या करते थे ये लोग?

नौकरी में पैसा वसूली करते थे

नौजवानों की नौकरी में पैसा वसूली करते थे. पूरा खानदान निकल पड़ता था वसूली करने में. सैकड़ों देवरिया के नौजवान को आज नौकरी मिली. अगर भाजपा सरकार नहीं होती तो इन्हें नौकरी नहीं मिलती. परिवार ने सही जगह वोट डाला है. चाचा भतीजे की जोड़ी वसूली करके नौकरी भी नहीं देते और पैसे भी वसूल लेते थे. सीएम योगी ने अरविंद केजरीवाल पर भी हमला बोला. कहा कि दिल्ली से एक सज्जन अयोध्या आए और बोले कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया है.

विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

उन्होंने दिल्ली में कुछ नहीं किया. सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को देवरिया पहुंचे. सुबह 10:55 बजे उनका हेलीकॉप्टर बरहज विधानसभा के बरांव गांव में बने हेलीपैड पर लैंड हुआ. इसके बाद वो थोड़ी दूरी पर बने जनसभा स्थल पहुंचे. यहां उन्होंने 456.38 करोड़ रुपये की 106 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. इनमें 25 परियोजनाओं का लोकार्पण और 81 का शिलान्यास शामिल है.

सरयू और राप्ती नदी के तटों पर कटान निरोधक कार्य

शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में 172.26 करोड़ रुपये की लागत से सोनूघाट-बरहज मार्ग का चौड़ीकरण, 66.38 करोड़ से नौरंगिया हाटा-गौरीबाजार-रुद्रपुर मार्ग का विस्तार और भदिला प्रथम गांव में 31.30 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शामिल है. इसके अलावा, इनमें सरयू और राप्ती नदी के तटों पर कटान निरोधक कार्य प्रमुख हैं. इसके अतिरिक्त, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में निर्मित अकादमिक ब्लॉक एवं छात्रावास भवन तथा रुद्रपुर क्षेत्र के नौगांव-छपरा तटबंध के सुदृढ़ीकरण जैसी योजनाएं भी शामिल हैं.

प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली थी. कार्यक्रम स्थल पर मंच, पंडाल, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा, अग्निशमन, पार्किंग और हेलीपैड की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया. जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने देर शाम तक तैयारियों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए. सुरक्षा व्यवस्था के लिए चार अपर पुलिस अधीक्षक समेत कुल 762 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी.

इसे भी पढ़ें. ‘केतन के बाल नहीं थे, इसलिए नहीं करना चाहती थी शादी’, हत्या करने के लिए सीया ने बनाया चेतन से रिश्ता!

 

Latest News

मधेपुरा सिंहेश्वर मंदिरः बैरिकेडिंग टूटी, बेकाबू हुई भीड़, मची भगदड़, कई श्रद्धालु घायल

Stampede at Singheshwar Temple: बिहार से बड़ी खबर सामने आई है. यहां मधेपुरा में सावन की अंतिम सोमवारी पर...

More Articles Like This

Exit mobile version