मुश्किल में फंसे पप्पू यादव, वाराणसी में FIR दर्ज, वकील भी विरोध में उतरे, संसद में साधु बनकर किया था प्रदर्शन

Varanasi: संसद परिसर में संत वेशभूषा धारण कर राजनीतिक प्रदर्शन का विरोध अब काशी तक पहुंच गया है. पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर महंत बालक दास की शिकायत पर पप्पू यादव, राहुल गांधी और अवधेश प्रसाद के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हालांकि, अब तक इस मामले में सिर्फ वाराणसी के कोतवाली थाने में ही एफआईआर दर्ज की गई है.

राहुल गांधी और अवधेश प्रसाद भी थे मौजूद

शिकायत के मुताबिक, संसद परिसर में पप्पू यादव ने साधु वेश धारण कर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर एक स्किट किया था. इस प्रदर्शन में राहुल गांधी और अवधेश प्रसाद भी उनके साथ मौजूद थे. संत समाज ने इसे साधु परंपरा का अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है. इस मामले को लेकर वाराणसी के संतों में नाराजगी है. वहीं, कचहरी परिसर में वकीलों ने भी विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की. इसके बाद राहुल गांधी और पप्पू यादव के खिलाफ कैंट थाने में भी तहरीर दी गई.

तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

वाराणसी के कोतवाली थाने में तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. यह मुकदमा पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर महंत बालक दास की तहरीर पर दर्ज हुआ है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संसद परिसर में किए गए प्रदर्शन से संत समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. 31 जुलाई को संसद परिसर में विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार के खिलाफ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया था. इस दौरान नुक्कड़ नाटक के जरिए कई मुद्दे उठाए गए, जिनमें राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मामला भी शामिल था.

संसद में मौजूद रहने की मांग

विपक्ष ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मुद्दे पर जवाब देने और संसद में मौजूद रहने की मांग की. साथ ही हाल ही में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सरकार को घेरा. इस प्रदर्शन के दौरान पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर मंदिर के पुजारी के रूप में नजर आए. उनके हाथ में भगवान राम की तस्वीर थी और वे नाटक के दौरान श्रद्धालुओं से चढ़ावा लेते हुए दिखाई दिए. यही प्रदर्शन अब विवाद की वजह बन गया है.

इसे भी पढ़ें. Andhra Pradesh: ‘आंध्र और उत्तर आंध्र की ग्रोथ का रनवे है यह एयरपोर्ट’, भोगपुरम में बोले PM मोदी

Latest News

अंडमान-निकोबार आइलैंड: टूरिज्म फेस्टिवल की तैयारी शुरू, LG डॉ. दिनेश शर्मा ने की समीक्षा, मनाई वाल्मीकि जयंती

श्री विजया पुरम: अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा प्रशासनिक कार्यों, पर्यटन संवर्धन और सांस्कृतिक आयोजनों...

More Articles Like This

Exit mobile version